महराजगंज के शिवेंद्र सिंह बने यूपी कॉपरेटिव यूनियन के अध्यक्ष, समर्थकों में जश्न

सौरभ जायसवाल

लखनऊ/फरेंदा (महराजगंज)। सहकारिता भवन लखनऊ में उत्तर प्रदेश कॉपरेटिव यूनियन लिमिटेड के अध्यक्ष पद पर फरेंदा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक चौधरी शिवेंद्र सिंह निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। इस खबर के बाद उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई।

फरेंदा कस्बे में विष्णु मंदिर तिराहे के पास स्थित उनके आवास पर बड़ी संख्या में समर्थक एकत्र हुए। लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और आतिशबाजी कर अपनी खुशी का इजहार किया। पूरे क्षेत्र में जश्न का माहौल देखने को मिला।

चौधरी शिवेंद्र सिंह ने भाजपा के टिकट पर फरेंदा विधानसभा से पहली बार विधायक बनकर जीत हासिल की थी। वे लंबे समय से पार्टी में सक्रिय रहे हैं और संगठन के प्रति उनकी निष्ठा व संघर्ष को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी दी गई है। बाद में उन्होंने चुनाव नहीं लड़ा, जिसके बाद बजरंग बहादुर सिंह विधायक बने।

इस मौके पर उनके पुत्र रविंद्र बहादुर सिंह ने भी फरेंदा कार्यालय पर समर्थकों के साथ मिठाई बांटी और आतिशबाजी कर खुशी जताई।

कार्यक्रम में इंद्रजीत चौधरी, प्रमोद त्रिपाठी, राजेश जायसवाल, विवेक पांडेय (पूर्व जिला उपाध्यक्ष), इशू चौरसिया, विनोद चौधरी, परमात्मा अग्रहरि, शैलेष पांडेय, ऋषभ ओझा, मनीष चौधरी, आशीष राव, रामनारायण शुक्ला, अजीत मणि त्रिपाठी, शिवम जायसवाल, शिवम पांडेय, सोनू कन्नौजिया, राकेश विश्वकर्मा और उपेंद्र यादव सहित अनेक लोगों ने हर्ष व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *