लखनऊ में युवक की संदिग्ध मौत, परिवार ने जताई हत्या की आशंका

बछरावां (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र के भूप खेड़ा मजरे कुर्री गांव निवासी एक युवक की लखनऊ में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक का माहौल है।

मृतक की पहचान संदीप कुमार (21) पुत्र संत प्रसाद के रूप में हुई है, जो पिछले दो वर्षों से लखनऊ के एक निजी अस्पताल में कार्यरत था। सोमवार शाम उसके छत से गिरकर मौत होने की सूचना गांव पहुंची। सूचना मिलते ही पिता संत प्रसाद मौके पर पहुंचे, जहां संदीप मृत अवस्था में मिला।

परिजनों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। मृतक के पिता का आरोप है कि जिस स्थान पर संदीप काम करता था, वहां उसके साथ चार अन्य युवक भी रहते थे और उन्हीं पर धक्का देकर छत से गिराने का संदेह है।

मृतक के बड़े भाई गुड्डू और रामखेलावन का भी कहना है कि संदीप के साथियों की भूमिका संदिग्ध है और मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

घटना के बाद लखनऊ में ही शव का पोस्टमार्टम कराया गया और परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों ने जुनाबगंज थाने में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाने की बात कही है।

वहीं बछरावां कोतवाली प्रभारी श्याम कुमार पाल ने बताया कि घटना लखनऊ में हुई है, इसलिए उन्हें इसकी जानकारी नहीं है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts