आलमाइटी के शिक्षकों व छात्रों ने सामूहिक योगाभ्यास कर योग को दिनचर्या में शामिल करने का लिया संकल्प

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर विभिन्न योगासनों और प्राणायाम का किया अभ्यास, स्वस्थ जीवन के लिए नियमित योग अपनाने का संदेश

सौरभ जायसवाल

बृजमनगंज, महराजगंज। आलमाइटी पब्लिक इंटरमीडिएट कॉलेज, बृजमनगंज के प्रांगण में शनिवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पूरे उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। इस अवसर पर छात्रों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

विद्यालय के शारीरिक शिक्षक के नेतृत्व में ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन सहित अनुलोम-विलोम और कपालभाति जैसे विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम कराए गए। योग प्रशिक्षक ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि अनुशासन और स्वस्थ जीवन जीने की एक प्रभावी कला है, जो मानसिक शांति, एकाग्रता और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करती है।

विद्यालय के डायरेक्टर महमूद आलम ने कहा कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” रखी गई है। इसका उद्देश्य लोगों को यह संदेश देना है कि योग के माध्यम से न केवल लंबी आयु प्राप्त की जा सकती है, बल्कि स्वस्थ, सक्रिय और संतुलित जीवन भी जिया जा सकता है। उन्होंने छात्रों और शिक्षकों से नियमित रूप से योग करने तथा इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर आलमाइटी डिग्री कॉलेज के प्रबंधक मकसूद अहमद, आलमाइटी इंटर कॉलेज बंगला चौराहा के प्रबंधक महफूज आलम, आलमाइटी पब्लिक इंटरमीडिएट कॉलेज के प्रधानाचार्य सुनील कुमार, आलमाइटी पब्लिक प्राइमरी स्कूल के प्रधानाध्यापक ईश्वरचंद चौरसिया सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने नियमित योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन शैली अपनाने का संकल्प लिया।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts