शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाला आरोपी सरोजनीनगर पुलिस के हत्थे चढ़ा

शकील अहमद

सरोजनीनगर, लखनऊ। राजधानी लखनऊ में सरोजनीनगर पुलिस ने शादी का झांसा देकर महिला के साथ दुष्कर्म करने वाले एक शातिर युवक को गिरफ्तार किया है। पीड़िता द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ा।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसकी पहचान आदित्य यादव उर्फ संतोष यादव, निवासी अनौरा, थाना सरोजनीनगर से सोशल मीडिया के माध्यम से हुई थी। बातचीत बढ़ने पर आरोपी ने शादी का भरोसा दिया और इसी बहाने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।

पीड़िता के बार-बार विवाह के लिए दबाव डालने पर आरोपी ने उसे भरोसे में लेते हुए एक मंदिर में झूठी शादी की रस्में भी निभाईं। महिला के अनुसार इस कथित शादी में आरोपी के कुछ साथी भी मौजूद थे। इसके बाद आरोपी उसे धोखा देकर फरार हो गया।

पीड़िता की शिकायत पर सरोजनीनगर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर संबंधित धाराओं में संशोधन कर आरोपी की खोजबीन तेज की गई।

इसी बीच पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी नादरगंज तिराहे के पास एयरपोर्ट बाउंड्री के समीप मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी आदित्य उर्फ संतोष यादव (उम्र लगभग 23 वर्ष) को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस आरोपी से पूछताछ कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *