सरोजनीनगर में विकास की रफ्तार: 31 लाख से तीन सड़कों व नालियों का शिलान्यास

शकील अहमद

सरोजनीनगर, लखनऊ। राजधानी लखनऊ के सरोजनीनगर द्वितीय वार्ड संख्या 18 में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए पार्षद रामनरेश रावत एडवोकेट ने महापौर की संस्तुति निधि एवं पार्षद निधि के अंतर्गत तीन सड़कों और नालियों के नवनिर्माण कार्य का शिलान्यास किया। यह कार्य सुषमा खर्कवाल महापौर तथा विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के आशीर्वाद से संपन्न हुआ।

शिलान्यास कार्यक्रम के तहत रुस्तम विहार कॉलोनी में मोहम्मद मुकीम के मकान से गणेश चौरसिया के मकान तक 140 मीटर लंबी और चार मीटर चौड़ी इंटरलॉकिंग सड़क एवं नाली का निर्माण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त आश्रम एकेडमी इंटर कॉलेज से नीतू वाजपेई के घर तक लगभग 50 मीटर लंबी और चार मीटर चौड़ी सीसी सड़क एवं नाली का निर्माण प्रस्तावित है।

वहीं हरिओम नगर कॉलोनी में ओमप्रकाश विश्वकर्मा के घर से पूरन के घर तक 60 मीटर लंबी और तीन मीटर चौड़ी इंटरलॉकिंग सड़क एवं नाली के निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुई। जयराम यादव एवं फूलचंद गौतम द्वारा नारियल तुड़वाकर निर्माण कार्य का शुभारंभ कराया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, भाजपा कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

भाजपा कार्यकर्ता संतोष त्रिपाठी ने बताया कि रुस्तम विहार कॉलोनी की ये सड़कें वर्षों से कच्ची और जर्जर अवस्था में थीं, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। नालियों की समुचित व्यवस्था न होने से जलभराव और गंदगी की समस्या भी बनी रहती थी। अब लगभग 31 लाख रुपये की लागत से इंटरलॉकिंग रोड, सीसी रोड और नालियों का निर्माण किया जाएगा, जिससे क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलेगी।

पार्षद रामनरेश रावत ने कहा कि क्षेत्र का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि नगर निगम, महापौर और विधायक के सहयोग से वार्ड में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि जनता को लंबे समय तक इसका लाभ मिल सके।

शिलान्यास के दौरान रुस्तम विहार और हरिओम नगर कॉलोनी के निवासियों ने पार्षद रामनरेश रावत को माला पहनाकर उनका स्वागत किया। इस दौरान महापौर और विधायक के समर्थन में नारे लगाए गए तथा लोगों ने एक-दूसरे को लड्डू खिलाकर अपनी खुशी जाहिर की। कॉलोनीवासियों की ओर से संतोष त्रिपाठी ने सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

स्थानीय नागरिकों ने बताया कि इन सड़कों और नालियों के निर्माण से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि जलभराव, गंदगी और संक्रामक बीमारियों की आशंका भी कम होगी। क्षेत्रवासियों ने इस विकास कार्य को वर्षों की लंबित मांग पूरी होने के रूप में देखा।

शिलान्यास कार्यक्रम में द्वारका प्रसाद विश्वकर्मा, आलोक श्रीवास्तव, रितेश दुबे, गोपाल, नवीन शर्मा, आयुष दीक्षित, अभय द्विवेदी, नेहा, अनीता देवी, गीता सिंह, सुनीता देवी सहित आसपास के भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts