शकील अहमद
लखनऊ। संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र में “सम्मान अभियान 2026” के अंतर्गत एक भव्य संगोष्ठी का आयोजन किया गया।

डॉ. राजेश्वर सिंह के नेतृत्व में आयोजित यह कार्यक्रम केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के स्वाभिमान, अधिकार और सम्मान की सशक्त अभिव्यक्ति के रूप में सामने आया।
कार्यक्रम में बाबा साहब को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि 14 अप्रैल केवल एक तिथि नहीं, बल्कि न्याय, समानता और अधिकारों की चेतना का प्रतीक है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि “अधिकारों के साथ कर्तव्यों का पालन ही बाबा साहब को सच्ची श्रद्धांजलि है।”
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे शिक्षा को प्राथमिकता दें और अन्याय के खिलाफ सजग रहें। उन्होंने बताया कि सरोजनीनगर में बाबा साहब के सपनों को साकार करने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।
विकास कार्यों पर जोर
डॉ. राजेश्वर सिंह ने बताया कि क्षेत्र में नारी सशक्तिकरण के लिए स्थापित तारा शक्ति केंद्र बड़ी पहचान बन चुके हैं। लगभग डेढ़ सौ केंद्रों से जुड़कर हजारों महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं।
इसके साथ ही शिक्षा के क्षेत्र में 62 विद्यालयों में स्मार्ट क्लास की व्यवस्था और 150 कंप्यूटर उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे युवाओं को आधुनिक तकनीकी शिक्षा मिल रही है।
विपक्ष पर साधा निशाना
डॉ. सिंह ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि ये दल बाबा साहब के नाम पर “घड़ियाली आंसू” बहा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के दौरान दलित महापुरुषों के नाम पर स्थापित जिलों और संस्थानों के नाम बदले गए, जबकि कांग्रेस ने बाबा साहब के विरोधी को सम्मानित कर उनका अपमान किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा सरकार बाबा साहब के सपनों को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है और “सबका साथ, सबका विकास” के सिद्धांत पर कार्य कर रही है।
मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष त्र्यंबक त्रिपाठी ने कहा कि कांग्रेस ने बाबा साहब की उपेक्षा की, जबकि उनका योगदान अत्यंत व्यापक था। अनुसूचित जाति आयोग की सदस्य एवं भाजपा अनुसूचित मोर्चा की प्रदेश मंत्री नीरज गौतम ने कहा कि वर्तमान सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से बिना भेदभाव सभी वर्गों को समान अवसर प्रदान कर रही है।
संगोष्ठी में उपस्थित सभी लोगों ने बाबा साहब के विचारों को आत्मसात करते हुए एक समरस, समतामूलक और सशक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
इस अवसर पर कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को डॉ. अंबेडकर की आत्मकथा और उनकी प्रसिद्ध कृति ‘जात-पात का विनाश’ भेंट की गई, ताकि उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाया जा सके।
कार्यक्रम में राम शंकर त्रिपाठी (संयोजक), अंकित गुप्ता (जिला महामंत्री), मुकेश शर्मा (मंत्री), संजीव मिश्रा, राजेश चौधरी, उमेश तिवारी, शिव शंकर सिंह ‘शंकरी’, विनोद मौर्य, के.के. श्रीवास्तव, रामाकांत मिश्रा, विवेक राजपूत, मोहित तिवारी, दल बहादुर सिंह, गंगा राम अंबेडकर, कौशलेंद्र द्विवेदी, के.एन. सिंह, हिमांशु अंबेडकर, कमलेश सिंह, लवकुश रावत, अतुल शुक्ला, राहुल रावत, राजेंद्र सिंह, करुणा सारस्वत, राजेश्वरी त्रिपाठी, डॉ. रीना उपाध्याय, राधेलाल यादव, राज किशोर पासी, राम खेलावन रावत, बृजमोहन शर्मा, सतगुरु रावत एवं गीता देवी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


















