पराली की आग से बाग जलकर राख, पीड़ित ने की कार्रवाई और मुआवजे की मांग

सौरभ जायसवाल

बृजमनगंज (महराजगंज)। थाना क्षेत्र के ग्राम सभा सोनाबंदी के टोला ओड़वलिया गोसाईं में पराली जलाने से लगी आग ने एक बाग को भारी नुकसान पहुंचाया। आग की चपेट में आने से आम, करौंदा, नींबू और सागौन सहित कई पेड़ जलकर राख हो गए।

पीड़ित अनुपम कुमार द्विवेदी ने उपजिलाधिकारी फरेंदा शैलेन्द्र कुमार गौतम और थानाध्यक्ष बृजमनगंज को प्रार्थना पत्र देकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और नुकसान की भरपाई की मांग की है।

प्रार्थना पत्र में पीड़ित ने आरोप लगाया है कि शनिवार को पड़ोसी खेत के मालिक ने जानबूझकर अपने खेत में पराली जलाई, जिसकी आग फैलकर उनके बाग तक पहुंच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और करीब 15 वर्ष पुराने कई पेड़ जलकर नष्ट हो गए।

घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों ने किसी तरह आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था।

इस संबंध में थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है और जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *