मंदिर में चोरी, पुलिस का त्वरित एक्शन: 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

शकील अहमद

कृष्णानगर, लखनऊ। राजधानी लखनऊ के थाना कृष्णानगर क्षेत्र में स्थित तिलकेश्वर महादेव मंदिर में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से मंदिर से चोरी गई धातु निर्मित सामग्री भी बरामद की है।

जानकारी के अनुसार 18 फरवरी 2026 को अमोल वाजपेयी पुत्र श्री रामकुमार वाजपेयी, निवासी वीआईपी रोड, कृष्णानगर द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर मुकदमा अपराध संख्या 078/2026 धारा 305(A)/331(4) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत थाना कृष्णानगर में अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध दर्ज किया गया था।

तहरीर में बताया गया कि 16 और 17 फरवरी की रात करीब 12 बजे से 1 बजे के बीच अज्ञात व्यक्ति द्वारा मंदिर से तांबा, पीतल सहित अन्य धातु निर्मित वस्तुएं चोरी कर ली गई थीं।

घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने दो टीमों का गठन किया। सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय सूचना तंत्र और मुखबिर की मदद से पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 19 फरवरी 2026 को बैकुंठ धाम, वीआईपी रोड क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में अभियुक्त ने 16 फरवरी की रात मंदिर में चोरी करने की बात स्वीकार की है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि धार्मिक स्थलों की सुरक्षा के लिए निगरानी और गश्त बढ़ाई जा रही है।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts