- नटकुर पुलिस चौकी से करीब एक किलोमीटर दूर न्यू हनुमंत नगर की घटना, करीब 10 लाख के जेवरात, नगदी और अन्य कीमती सामान चोरी होने का दावा
शकील अहमद
बिजनौर (लखनऊ)। राजधानी लखनऊ के बिजनौर थाना क्षेत्र में पुलिस चौकी नटकुर से महज एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित न्यू हनुमंत नगर में देर रात चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात, नगदी और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। वहीं स्थानीय लोगों ने नटकुर चौकी पुलिस की कार्यशैली और रात्रि गश्त पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
जानकारी के अनुसार, न्यू हनुमंत नगर निवासी एन.के. सिंह सीआईएसएफ (CISF) में तैनात हैं और अपने परिवार के साथ बाहर गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके सूने मकान का ताला तोड़कर घर में रखे लगभग 10 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात, नगदी एवं अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया।
घटना की जानकारी पड़ोसियों द्वारा दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। चोरी की घटना सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी देखी जा रही है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नटकुर चौकी क्षेत्र में लंबे समय से नियमित रात्रि गश्त नहीं की जा रही है। लोगों का कहना है कि इसी कारण बंद मकानों को चोर लगातार निशाना बना रहे हैं। क्षेत्रवासियों के मुताबिक, कई बार पुलिस से गश्त बढ़ाने की मांग की गई, लेकिन इस दिशा में प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया कि चौकी स्तर पर लापरवाही और मनमाने ढंग से कार्य करने के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। उनका कहना है कि यदि क्षेत्र में नियमित और प्रभावी रात्रि गश्त की जाए तथा संदिग्ध लोगों की जांच हो, तो चोरी जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकता है।
घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और अज्ञात चोरों की तलाश की जा रही है। क्षेत्रीय नागरिकों ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से रात्रि गश्त को प्रभावी बनाने, संदिग्ध व्यक्तियों की नियमित जांच कराने तथा क्षेत्र में हो रही चोरी की घटनाओं पर शीघ्र अंकुश लगाने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं पुलिस चौकी से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर हुई लाखों रुपये की इस चोरी ने एक बार फिर नटकुर चौकी क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की रात्रि गश्त पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।













