बिजनौर पुलिस ने चोरी की दो घटनाओं का किया खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार

  • बिजनौर पुलिस और सर्विलांस सेल जोन दक्षिणी की संयुक्त कार्रवाई, चोरी के सोने-चांदी के आभूषण और 1320 रुपये नगद बरामद, दूसरे आरोपी की तलाश जारी

शकील अहमद

बिजनौर (लखनऊ)। थाना बिजनौर पुलिस और सर्विलांस सेल जोन दक्षिणी की संयुक्त टीम ने चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण और 1320 रुपये नगद बरामद किए हैं। मामले में शामिल एक अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है।

पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट लखनऊ अमरेन्द्र कुमार सेंगर और संयुक्त पुलिस आयुक्त अपराध एवं मुख्यालय अपर्णा कुमार के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस उपायुक्त दक्षिणी अमित कुमार आनन्द के पर्यवेक्षण, अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिणी रल्लापल्ली वसंथ कुमार और सहायक पुलिस आयुक्त कृष्णानगर अभिषेक कुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन तथा प्रभारी निरीक्षक थाना बिजनौर कपिल गौतम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार 25 मई 2026 को शिवांगिनी पाण्डेय पत्नी निकुंज पाण्डेय निवासी ए-02 रॉयल नगर, औरंगाबाद जागीर, लखनऊ ने तहरीर देकर बताया था कि 24 मई की रात अज्ञात चोर ने उनके घर से 10 हजार रुपये नगद और कुछ आभूषण चोरी कर लिए थे। इस संबंध में थाना बिजनौर में मुकदमा अपराध संख्या 141/2026, धारा 331/305(ए) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

इसी प्रकार राजू राय पुत्र शंकर राय निवासी मकान संख्या ए-9, लक्ष्मी इन्क्लेव, रॉयल सिटी, थाना बिजनौर, लखनऊ ने तहरीर देकर अज्ञात चोर के खिलाफ घर में घुसकर ताला तोड़ने तथा सोने-चांदी के आभूषण और 17 हजार रुपये नगद चोरी करने की शिकायत की थी। इस मामले में मुकदमा अपराध संख्या 144/2026, धारा 331(1)/305(ए) बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया था।

दोनों घटनाओं के खुलासे और अज्ञात चोर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उपायुक्त दक्षिणी के निर्देशन में दो पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों ने जांच के दौरान करीब 400 से 500 सीसीटीवी फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया।

जांच के दौरान अमित कुमार रस्तोगी पुत्र अशोक कुमार रस्तोगी, निवासी प्लॉट नंबर-18, कौशलपुरी, छोटा भरवारा, थाना गोमतीनगर विस्तार, लखनऊ, हाल पता ग्राम चक सिकन्दर, थाना हाजीपुर, जिला वैशाली, बिहार, उम्र करीब 40 वर्ष का नाम प्रकाश में आया। पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक और अन्य साक्ष्यों के आधार पर उसकी पहचान सुनिश्चित की।

इसके बाद 4 जुलाई 2026 की रात पुलिस टीम ने छुआराखेड़ा मोड़ के पास से अमित कुमार रस्तोगी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, उसके कब्जे से चोरी किया गया माल बरामद किया गया है। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है।

पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल साथी आरोपी नरसिंह गौतम पुत्र गया प्रसाद, निवासी बड़ा भरवारा, विराजखंड, थाना विभूतिखंड, लखनऊ की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि उसे भी जल्द गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts