बहराइच में गैस एजेंसियों पर डीएसओ का औचक निरीक्षण, एक एजेंसी को नोटिस

रवि सोनी

बहराइच। जिले के उपभोक्ताओं को सुविधापूर्वक घरेलू गैस सिलेण्डर उपलब्ध कराये जाने के दृष्टिगत जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी के निर्देश पर बुधवार को जिला पूर्ति अधिकारी नरेन्द्र तिवारी द्वारा मुख्तार गैस सर्विस (एचपीसीएल), बहराइच इण्डेन गैस सर्विस (आईओसीएल) तथा प्रगति गैस सर्विस (एचपीसीएल) के कार्यालय एवं गोदाम का औचक निरीक्षण किया गया।

बाईपास रोड तिकोनी बाग चौकी के निकट स्थित मुख्तार गैस सर्विस एजेन्सी के कार्यालय के आकस्मिक निरीक्षण के दौरान गैस एजेन्सी के प्रबन्धक व कर्मचारी उपस्थित मिले। निरीक्षण के दौरान उपभोक्ताओं द्वारा अपनी गैस की बुकिंग व केवाईसी का कार्य कराया जा रहा था।

प्रबन्धक द्वारा बताया गया कि एजेन्सी में घरेलू उपभोक्ता 17821 हैं। आज का प्रारम्भिक स्टॉक 14.2 किग्रा० का 502 था तथा आज ऑयल कम्पनी से 335 सिलेण्डर की आमद हुई है। कुल 837 सिलेण्डर के सापेक्ष जांच के समय तक 425 सिलेण्डरों की बिकी हुई थी, अवशेष 412 सिलेण्डर गोदाम पर उपलब्ध हैं।

यह भी पढ़े: गैस की कमी की खबरों के बीच एसडीएम मोनालिसा जौहरी का निरीक्षण

महसी रोड स्थित गोदाम का निरीक्षण करने पर गोदाम में स्टॉक अभिलेखानुसार सही पाया गया। मौके पर प्रबन्धक को निर्देशित किया गया कि उपभोक्ताओं को नियमानुसार उनकी बुकिंग के आधार पर गैस सिलेण्डर निर्गत करें, तथा किसी भी प्रकार की समस्या आने पर अपने विकय अधिकारी एवं अधोहस्ताक्षरी को अवगत करायें।

इसी प्रकार हुजूरपुर रोड कटी चौराहा स्थित बहराइच इण्डेन गैस सर्विस के गोदाम के निरीक्षण के दौरान गैस एजेन्सी के प्रबन्धक व कर्मचारी की उपस्थिति में गोदाम का निरीक्षण किया गया। प्रबन्धक द्वारा बताया गया कि उनके यहां घरेलू उपभोक्ता 34,000 हैं। आज का प्रारम्भिक स्टॉक 14.2 कि.ग्रा. का 784 था तथा आज ऑयल कम्पनी से 342 सिलेण्डर की आमद हुई है।

कुल 1126 सिलेण्डर के सापेक्ष जांच के समय तक 903 सिलेण्डरों की बिकी हुई है अवशेष 223 सिलेण्डर गोदाम पर उपलब्ध हैं। गोदाम में उपलब्ध स्टॉक अभिलेखानुसार सही पाया गया। मौके पर प्रबन्धक को निर्देशित किया गया कि उपभोक्ताओं को नियमानुसार उनकी बुकिंग के आधार पर गैस सिलेण्डर निर्गत करें तथा किसी प्रकार की समस्या आने पर विक्रय अधिकारी एवं जिला पूर्ति अधिकारी को अवगत कराया जाय।

इसके अलावा हुजूरपुर रोड कटी चौराहा स्थित प्रगति गैस सर्विस के निरीक्षण के दौरान गोदाम बिना किसी पूर्व सूचना/अनुमति के बन्द पाया गया। गोदाम के कर्मचारी इदरीश को उनके मोबाईल पर वार्ता करके उन्हें मौके पर बुलाया गया। जिनके द्वारा गोदाम का ताला खोलकर अपनी उपस्थिति में निरीक्षण कराया गया।

गोदाम में 05 कि.ग्रा. के 18 सिलेण्डर खाली एवं 14.2 कि.ग्रा. के घरेलू सिलेण्डर 830 अदद खाली पाये गये। इसके अतिरिक्त कर्मचारी द्वारा बताया गया कि कामर्शियल के 41 सिलेण्डर हैं जिनमें से 40 सिलेण्डर कनेक्शनधारकों को गये हैं 01 सिलेण्डर भरा हुआ रखा है।

गोदाम में कोई भी घरेलू गैस सिलेण्डर नहीं पाया गया, बताया गया कि भरे हुए सिलेण्डर का स्टॉक शून्य है। संभवतः आज कम्पनी से सिलेण्डर आयेगा। गोदाम पर किसी भी प्रकार का कोई सूचना बोर्ड, स्टॉक बोर्ड, रेट बोर्ड व विकय अधिकारी का मोबाइल नम्बर आदि महत्वपूर्ण सूचनाओं का प्रदर्शन नहीं पाया गया तथा मौके पर स्टॉक से सम्बन्धित कोई अभिलेख व स्टाक रजिस्टर नहीं दिखाया गया।

गोदाम पर साफ-सफाई का भी अभाव पाया गया। डीएसओ ने बताया कि एजेन्सी का उक्त कृत्य आदेशों/निर्देशों तथा ऑयल कम्पनी की शर्तों का स्पष्ट उल्लंघन है, फलस्वरूप एजेन्सी को उक्त के सम्बन्ध में नोटिस निर्गत कर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिये गये हैं।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts