खीरों में व्यापारियों ने समस्याओं को लेकर एसडीएम के नाम सौंपा ज्ञापन, सफाई और बिजली व्यवस्था सुधारने की मांग

  • ऑल इंडिया उद्योग व्यापार मंडल चौहान गुट ने किया धरना, नालियों की सफाई, सार्वजनिक शौचालय और नियमित बिजली आपूर्ति की उठाई मांग

खीरों, रायबरेली। ऑल इंडिया उद्योग व्यापार मंडल चौहान गुट ने गुरुवार को खंड विकास कार्यालय में धरना कार्यक्रम आयोजित किया। धरने पर बैठे व्यापार मंडल के अध्यक्ष सहित आधा दर्जन से अधिक पदाधिकारियों एवं व्यापारियों ने उप जिलाधिकारी लालगंज को संबोधित ज्ञापन खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) को सौंपा।

ऑल इंडिया उद्योग व्यापार मंडल चौहान गुट के अध्यक्ष जीसी सिंह चौहान ने ज्ञापन में अपनी मांगें रखते हुए बताया कि खीरों कस्बे में व्यापारियों की दुकानों के सामने कूड़े के ढेर लगे रहते हैं। नालियां बजबजा रही हैं तथा कई स्थानों पर खुली हुई हैं।

नालियों पर ढक्कन न होने से व्यापारियों एवं ग्राहकों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने मांग की कि नालियों की नियमित साफ-सफाई कराकर उन पर ढक्कन लगाए जाएं।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लो-वोल्टेज की समस्या के कारण व्यापारियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसलिए 18 घंटे की विद्युत आपूर्ति सुचारू रूप से सुनिश्चित कराई जाए। साथ ही प्रत्येक माह उपभोक्ताओं की सही बिजली बिलिंग कराई जाए।

ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि खीरों चौराहे पर एक सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कराया जाए, जिससे व्यापारियों, ग्राहकों एवं राहगीरों को सुविधा मिल सके।

खंड विकास अधिकारी अंजू रानी वर्मा ने बताया कि ज्ञापन प्राप्त हो गया है और उसमें उठाई गई मांगों पर जल्द ही विचार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *