आउटर रिंग रोड पर दर्दनाक हादसा, बाइक सवार युवक की मौत

  • क्रेटा कार की टक्कर के बाद डीसीएम से भिड़ी बाइक, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने किया मृत घोषित

बिजनौर (लखनऊ)। बिजनौर थाना क्षेत्र में आउटर रिंग रोड के पास मंगलवार देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई। दुर्घटना उस समय हुई जब एक क्रेटा कार की टक्कर के बाद युवक की बाइक अनियंत्रित होकर डीसीएम वाहन से जा भिड़ी। हादसा इतना भयावह था कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

मृतक की पहचान बलदेव पुत्र स्वर्गीय नंदन निवासी नटकुर के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक बलदेव काकोरी क्षेत्र के मौन्दा गांव स्थित अपने ननिहाल में आयोजित जागरण कार्यक्रम में शामिल होने गया था। देर रात करीब 11:30 बजे वह अपनी स्प्लेंडर बाइक (यूपी-32 जीयू-1467) से वापस घर लौट रहा था।

बताया जा रहा है कि रात करीब 12:20 बजे आउटर रिंग रोड के पास उसकी बाइक की एक क्रेटा कार से टक्कर हो गई। टक्कर लगने के बाद बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सामने जा रहे डीसीएम वाहन (एचआर-55 एडब्ल्यू-4082) से टकरा गई। हादसे में बलदेव गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही बिजनौर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरोजनीनगर भेजा गया। जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों ने बताया कि कुछ माह पहले ही उसके पिता का निधन हुआ था। परिवार में उसकी मां, छोटा भाई शुभम और बहन काजल हैं। बलदेव की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *