- एक भाई को बचाने नदी में कूदा दूसरा भी डूबा, तीन साल पहले मां का हो चुका था निधन, नगर पंचायत अध्यक्ष ने परिवार को दी आर्थिक सहायता
पंकज तिवारी
हैदरगढ़ (बाराबंकी)। अवसानेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना के बाद गोमती नदी में स्नान करने गए दो सगे भाइयों की डूबने से मौत हो गई। एक भाई को गहरे पानी में डूबता देख दूसरा उसे बचाने के लिए नदी में कूद पड़ा, लेकिन तेज बहाव और गहराई के कारण दोनों नदी में समा गए। इस हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान थाना लोनीकटरा क्षेत्र के बुढ़नापुर गांव निवासी ऋतिक पांडेय उर्फ हैप्पी (18) और गजेंद्र उर्फ हनी (14) पुत्र अशोक कुमार पांडेय के रूप में हुई है। बुधवार को दोनों भाई अपने पड़ोसी आर्यन पाल के साथ अवसानेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे थे। पूजा-अर्चना के बाद तीनों गोमती नदी में स्नान करने गए। इसी दौरान एक भाई गहरे पानी में चला गया। उसे बचाने के प्रयास में दूसरा भाई भी नदी में उतर गया और दोनों डूब गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण, पुलिस और गोताखोर मौके पर पहुंचे। काफी देर तक चले तलाश अभियान के बाद दोनों भाइयों को नदी से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैदरगढ़ ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
यह हादसा परिवार पर दूसरा बड़ा वज्रपात बनकर टूटा है। करीब तीन वर्ष पहले दोनों भाइयों की मां का बीमारी के कारण निधन हो चुका था। मां की मौत के बाद दोनों भाई बाराबंकी में अपने ताऊ के पास रहकर पढ़ाई कर रहे थे। बड़ा भाई ऋतिक इंटरमीडिएट उत्तीर्ण कर आईटीआई में प्रवेश की तैयारी कर रहा था, जबकि छोटा भाई गजेंद्र आठवीं कक्षा पास कर आगे की पढ़ाई की तैयारी में था। परिवार को उनसे भविष्य की बड़ी उम्मीदें थीं।
घटना के बाद पिता अशोक कुमार पांडेय सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।
सुरक्षा व्यवस्था की मांग उठी
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, वहां पहले भी डूबने की घटनाएं हो चुकी हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से घाट पर बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड और पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि बाहरी श्रद्धालुओं और स्नान करने आने वाले लोगों को गहरे पानी वाले हिस्सों की जानकारी मिल सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
नगर पंचायत अध्यक्ष ने की आर्थिक सहायता
दर्दनाक हादसे की सूचना मिलने पर नगर पंचायत हैदरगढ़ के अध्यक्ष आलोक तिवारी शोकाकुल परिवार के घर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने पीड़ित परिवार को शासन स्तर से अधिकतम आर्थिक सहायता दिलाने की मांग करते हुए अपनी ओर से 21 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।
आलोक तिवारी ने कहा कि यह सहयोग केवल आर्थिक मदद नहीं, बल्कि कठिन समय में परिवार के साथ खड़े होने का एक प्रयास है। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी आवश्यकता पड़ने पर हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।













