कोचिंग संस्थानों के लिए 29 जून से तीन दिवसीय विशेष कैंप, मानकों की पूर्ति और समस्याओं का होगा समाधान

  • रायबरेली विकास प्राधिकरण सभागार में जुटेंगे विभिन्न विभागों के अधिकारी, 29 जून से 1 जुलाई तक चलेगा कैंप

रायबरेली। जनपद में संचालित कोचिंग संस्थानों की समस्याओं के समाधान तथा आवश्यक मानकों की पूर्ति सुनिश्चित कराने के लिए प्रशासन की ओर से तीन दिवसीय विशेष कैंप आयोजित किया जाएगा। यह कैंप 29 जून से 1 जुलाई 2026 तक रायबरेली विकास प्राधिकरण के सभागार में आयोजित होगा, जहां विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहकर कोचिंग संचालकों की समस्याओं का समाधान करेंगे।

अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) ने बताया कि जनपद में संचालित कोचिंग संस्थानों की सघन जांच प्रक्रिया जारी है। इसी दौरान विभिन्न कोचिंग संस्थानों के प्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका से मुलाकात कर विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए एक समन्वित कैंप आयोजित कराने का अनुरोध किया था।

जिलाधिकारी के निर्देश पर कोचिंग संस्थानों के संचालन से जुड़े विभिन्न मानकों को स्पष्ट करने तथा संबंधित विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस विशेष कैंप का आयोजन किया जा रहा है।

कैंप में रायबरेली विकास प्राधिकरण, माध्यमिक शिक्षा विभाग, अग्निशमन विभाग एवं विद्युत सुरक्षा विभाग के नामित अधिकारी उपस्थित रहेंगे। कैंप प्रतिदिन दोपहर 12:00 बजे से 2:00 बजे तक संचालित किया जाएगा।

प्रशासन ने जिला विद्यालय निरीक्षक को कैंप का नोडल अधिकारी नामित किया है। सभी कोचिंग संस्थानों के संचालकों से निर्धारित तिथि एवं समय पर उपस्थित होकर अपने संस्थान से संबंधित आवश्यक मानकों की पूर्ति, दस्तावेजों के सत्यापन तथा अन्य आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करने की अपील की गई है।

प्रशासन का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य कोचिंग संस्थानों को निर्धारित सुरक्षा एवं संचालन मानकों के अनुरूप संचालित कराना तथा विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित एवं व्यवस्थित शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *