आर स्टीफ़न (स्टेट हेड)
चिरमिरी (एमसीबी, छत्तीसगढ़)। जिले के चिरमिरी क्षेत्र के हल्दीबाड़ी में आयोजित ईद मिलन समारोह एक बार फिर आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का संदेश देने में सफल रहा।
हर वर्ष की तरह इस बार भी मुस्लिम समुदाय और स्थानीय व्यापारियों द्वारा पंजाब नेशनल बैंक के पास भव्य आयोजन किया गया, जिसमें सभी धर्म और जाति के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

कार्यक्रम का आयोजन गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के क्षेत्रीय अध्यक्ष शेख स्माइल और उनके सहयोगियों द्वारा किया गया। आयोजन के दौरान लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और प्रेम व एकता का संदेश दिया।
ईद मिलन समारोह में विशेष रूप से सेवइयों (सिमैया) का वितरण किया गया, जिसका लोगों ने मिलकर आनंद लिया। इस दौरान हिंदू, मुस्लिम, सिख सहित विभिन्न समुदायों के लोग एक साथ बैठकर त्योहार की खुशियां साझा करते नजर आए। यह दृश्य क्षेत्र की सामाजिक एकता का प्रतीक बनकर सामने आया।
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि चिरमिरी एक ऐसा क्षेत्र है जहां सभी धर्मों के लोग हर पर्व को मिल-जुलकर मनाते हैं। उन्होंने कहा कि यहां वर्षों से आपसी भाईचारे की परंपरा चली आ रही है, जो आज भी कायम है और आने वाली पीढ़ियों के लिए एक सकारात्मक संदेश है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे आयोजन समाज में प्रेम, सद्भाव और एकता को मजबूत करते हैं। यही कारण है कि चिरमिरी क्षेत्र को शांतिप्रिय क्षेत्र के रूप में जाना जाता है, जहां सभी समुदाय एक-दूसरे के सुख-दुख में सहभागी बनते हैं।
कार्यक्रम के दौरान लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला और पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना रहा। ईद मिलन समारोह ने एक बार फिर यह साबित किया कि विविधता में एकता ही भारत की सबसे बड़ी ताकत है।


















