सलमान खान
रामपुर। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता मोहम्मद आजम खान, जो इस समय रामपुर जेल में बंद हैं, ने अमेरिका-ईरान के बीच चल रहे तनाव को लेकर मुस्लिम समुदाय से एक विशेष अपील की है। उन्होंने लोगों से इस बार ईद सादगी के साथ मनाने और नए कपड़े न पहनने का आग्रह किया है।
सपा नेता युसूफ मलिक के अनुसार, आजम खान ने कहा है कि ईरान में हुई घटनाओं और उसमें मासूम बच्चियों की मौत के विरोध में इस बार ईद के दिन काले कपड़े पहनकर और काली पट्टी बांधकर नमाज अदा की जाए। उन्होंने लोगों से ईद के मौके पर सादगी अपनाने और विरोध के प्रतीक के रूप में यह कदम उठाने की अपील की है।
जेल में मुलाकात के बाद सामने आया संदेश
दरअसल, रामपुर जेल में बंद आजम खान से उनकी पत्नी और समाजवादी पार्टी की नेता डॉ. तंजीन फातिमा तथा मुरादाबाद के सपा नेता युसूफ मलिक मुलाकात करने पहुंचे थे। मुलाकात के बाद जेल के बाहर मीडिया से बातचीत करते हुए युसूफ मलिक ने आजम खान का यह संदेश साझा किया।
उन्होंने बताया कि आजम खान ने विशेष रूप से मुस्लिम समुदाय, खासकर सुन्नी मुसलमानों से अपील की है कि वे ईरान में हुई घटनाओं पर शोक और विरोध दर्ज कराएं। इसके लिए उन्होंने ईद के दिन काले कपड़े पहनने, काली पट्टी बांधने और नए कपड़े न बनवाने का सुझाव दिया है।
‘मासूम बच्चियों की मौत दुखद’
युसूफ मलिक के अनुसार, आजम खान का कहना है कि ईरान में जो घटनाएं हुई हैं, उनमें कई मासूम बच्चियों की जान गई है, जो पूरी मुस्लिम दुनिया के लिए दुखद है। इसलिए इस दर्द और दुख को व्यक्त करने के लिए ईद के दिन विरोध का प्रतीक अपनाया जाना चाहिए।
जेल में रहते हुए भी चर्चा में रहते हैं आजम खान
गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता मोहम्मद आजम खान विभिन्न मामलों में सजा मिलने के बाद फिलहाल रामपुर जेल में बंद हैं। इसके बावजूद वह समय-समय पर राजनीतिक और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया देते रहते हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि जेल में रहते हुए भी आजम खान के बयान अक्सर सुर्खियों में आ जाते हैं। इस बार भी अमेरिका-ईरान संघर्ष पर उनका संदेश राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है।


















