- एसजीपीजीआईएमएस की जागरूकता वॉकाथॉन में जलने की घटनाओं से बचाव, सही प्राथमिक उपचार और रिकंस्ट्रक्टिव प्लास्टिक सर्जरी के महत्व पर दिया संदेश
शकील अहमद
सरोजनी नगर (लखनऊ)। विश्व प्लास्टिक सर्जरी दिवस के अवसर पर बुधवार को सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने लखनऊ गोल्फ क्लब में एसजीपीजीआईएमएस के प्लास्टिक सर्जरी एवं बर्न्स विभाग द्वारा आयोजित जागरूकता वॉकाथॉन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने जलने की घटनाओं की रोकथाम, सही प्राथमिक उपचार तथा पुनर्निर्माण (रिकंस्ट्रक्टिव) प्लास्टिक सर्जरी के महत्व पर व्यापक जनजागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि आम धारणा के विपरीत प्लास्टिक सर्जरी केवल सौंदर्य बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एसिड अटैक पीड़ितों, अग्निकांड और सड़क दुर्घटनाओं में गंभीर रूप से घायल लोगों, जन्मजात विकृतियों से जूझ रहे बच्चों तथा कैंसर मरीजों के जीवन में नई उम्मीद, आत्मविश्वास और सम्मान लौटाने का कार्य करती है।
उन्होंने अपने पुलिस सेवा काल की एक एसिड अटैक घटना को याद करते हुए कहा कि अपराधी को सजा दिलाना न्याय का एक हिस्सा था, लेकिन पीड़िता के चेहरे, आत्मविश्वास और जीवन को दोबारा संवारने का कार्य प्लास्टिक सर्जनों ने किया। तभी से इस चिकित्सा शाखा के प्रति उनके मन में विशेष सम्मान है।
डॉ. सिंह ने कहा कि विश्वभर में हर वर्ष लगभग 1.8 लाख लोगों की मौत जलने की घटनाओं के कारण होती है, जिनमें अधिकांश मामले रोके जा सकते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि जलने पर घाव को लगभग 20 मिनट तक साफ बहते पानी से ठंडा करें और टूथपेस्ट, घी, मक्खन, बर्फ या अन्य घरेलू नुस्खों का इस्तेमाल न करें। घाव को साफ कपड़े से ढककर तुरंत अस्पताल पहुंचाना चाहिए।
उन्होंने बताया कि विश्व प्लास्टिक सर्जरी दिवस की शुरुआत भारत से हुई थी। वर्ष 2011 में यह ‘नेशनल प्लास्टिक एंड रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी डे’ के रूप में शुरू हुआ और वर्ष 2021 में यह वैश्विक अभियान बन गया।
इस अवसर पर डॉ. सिंह ने एसजीपीजीआईएमएस के प्लास्टिक सर्जरी एवं बर्न्स विभागाध्यक्ष डॉ. राजीव अग्रवाल एवं उनकी टीम को जनजागरूकता और मरीजों की सेवा के लिए बधाई दी। उन्होंने केजीएमयू के ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभागाध्यक्ष प्रो. तुलिका चंद्रा की उपस्थिति का स्वागत करते हुए ट्रॉमा केयर और प्लास्टिक सर्जरी में रक्तदान एवं ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन की महत्वपूर्ण भूमिका को भी रेखांकित किया।
कार्यक्रम में लखनऊ गोल्फ क्लब के सचिव रजनीश सेठी, विजय शर्मा, हरीश सिद्धार्थ, करण, चिकित्सक, रेजिडेंट डॉक्टर, गोल्फर, मीडिया प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
समापन पर डॉ. राजेश्वर सिंह ने सभी से “बर्न अवेयरनेस एम्बेसडर” बनने की अपील करते हुए संदेश दिया “जलने पर ठंडा पानी डालें, जीवन बचाएं; जलन रोकें, मुस्कान लौटाएं।”













