- चित्रकला, मेहंदी और हेयर स्टाइलिस्ट प्रतियोगिताओं में प्रशिक्षार्थियों ने दिखाई प्रतिभा, निदेशक बोले- कौशल ही युवाओं की सबसे बड़ी पूंजी
शकील अहमद
सरोजनी नगर (लखनऊ)। कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित जन शिक्षण संस्थान, लखनऊ (साक्षरता निकेतन) में विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर मुख्यालय सहित सभी प्रशिक्षण केंद्रों पर विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में कौशल विकास, आत्मनिर्भरता और रचनात्मकता को बढ़ावा देना था।
इस अवसर पर चित्रकला, मेहंदी कला, हेयर स्टाइलिस्ट सहित कई रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें प्रशिक्षार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
साक्षरता निकेतन परिसर में संचालित असिस्टेंट ड्रेस मेकर, असिस्टेंट कम्प्यूटर ऑपरेटर एवं ब्यूटी केयर असिस्टेंट पाठ्यक्रमों के प्रशिक्षार्थियों के बीच आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में शिखा यादव ने प्रथम, अगम्य खरे ने द्वितीय, अमृत पाल ने तृतीय तथा आयशा कश्यप ने सांत्वना पुरस्कार प्राप्त किया।
हेयर स्टाइलिस्ट प्रतियोगिता में रश्मी ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि पुष्पा द्वितीय, गीतांजलि तृतीय और नीतू कश्यप को सांत्वना पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
वहीं मेहंदी कला प्रतियोगिता में जासमीन ने पहला, ऐमन ने दूसरा, नौसीन ने तीसरा स्थान प्राप्त किया और इरम को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। संस्थान के सभी प्रशिक्षण केंद्रों के प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता, ज्ञान और कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से जुड़े प्रतिभागियों ने भी पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रस्तुतियां दीं, जिससे आयोजन की व्यापकता और प्रभावशीलता में वृद्धि हुई। सभी विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्थान के निदेशक सौरभ कुमार खरे ने कहा कि वर्तमान समय में कौशल ही युवाओं की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि कौशलयुक्त युवा न केवल स्वयं आत्मनिर्भर बन सकते हैं, बल्कि समाज और राष्ट्र के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। उन्होंने युवाओं से निरंतर सीखने और अपने कौशल को निखारने का आह्वान किया।
इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी तपन साहू, सहायक कार्यक्रम अधिकारी शुभम मिश्रा, लेखाकार आदित्य मिश्रा, फील्ड असिस्टेंट कम क्लर्क राघवेन्द्र गुप्ता, गौरी शंकर, प्रशिक्षिका प्रियंका त्रिपाठी, अंचला देवी, अनीता आनंद सहित बड़ी संख्या में प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन से युवाओं में कौशल विकास के प्रति नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ।













