हाईवे से बगीचे तक कैसे पहुंचा घायल बाइक सवार? कोल्हुई में बेहोशी की हालत में मिला युवक, जांच जारी

– गुरचिया गांव के सामने बगीचे में पड़ा मिला युवक, कुछ दूरी पर मिली बाइक, हादसा कहां और कैसे हुआ, पुलिस तलाश रही जवाब

सौरभ जायसवाल

महराजगंज। कोल्हुई थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह सोनौली-गोरखपुर हाईवे (NH-24) किनारे गुरचिया गांव के सामने स्थित बगीचे में एक युवक घायल और बेहोशी की हालत में मिला। युवक से कुछ दूरी पर उसकी बाइक भी गिरी हुई थी। खेत की ओर जा रहे ग्रामीणों की नजर युवक पर पड़ी तो उन्होंने आसपास के लोगों को सूचना दी।

ग्रामीणों के मुताबिक घटना देर रात की हो सकती है। घायल युवक की पहचान निचलौल थाना क्षेत्र के मुबारक निवासी कौनुसरी अड्डा बाजार के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक से घटना की जानकारी लेने का प्रयास किया।

हाईवे से बगीचे तक पहुंचने पर सवाल

मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि बाइक हाईवे से कुछ दूरी पर गिरी थी, तो घायल युवक बगीचे के अंदर तक कैसे पहुंचा। हादसा हाईवे पर हुआ या युवक किसी अन्य स्थान से बगीचे तक पहुंचा, इसे लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है।

कोल्हुई थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह के अनुसार, पुलिस घायल युवक से बातचीत कर घटना की वास्तविक वजह जानने का प्रयास कर रही है। फिलहाल हादसे के कारणों की पुष्टि नहीं हो सकी है।

जांच के बाद सामने आएगी पूरी तस्वीर

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल की परिस्थितियों और घायल युवक के बयान के आधार पर दुर्घटना के कारणों तथा युवक के हाईवे से बगीचे तक पहुंचने की स्थिति का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *