- जनसुनवाई के साथ स्वास्थ्य, शिक्षा और युवा सशक्तिकरण पर विशेष जोर, वरिष्ठ नागरिकों का नेत्र परीक्षण व मेधावियों को मिली साइकिल
शकील अहमद
सरोजनीनगर (लखनऊ)। विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह द्वारा संचालित “आपका विधायक, आपके द्वार” अभियान के 177वें सप्ताह के अंतर्गत रविवार को सरोजनीनगर दक्षिण द्वितीय मंडल के मुंशीखेड़ा (राजा बिजली पासी प्रथम वार्ड) में टीम राजेश्वर की ओर से जनसुनवाई शिविर के साथ स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल एवं युवा सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के दौरान स्थानीय नागरिकों की समस्याएं सुनकर उनके त्वरित समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठाए गए।
जनसुनवाई शिविर में कुल 17 प्रार्थना-पत्र प्राप्त हुए। इनमें आयुष्मान भारत कार्ड, वृद्धावस्था पेंशन, सड़क निर्माण, जलभराव, तालाब सौंदर्यीकरण, आंगनबाड़ी सुविधाओं का विस्तार, प्राथमिक विद्यालय निर्माण, खेल मैदान के विकास, सिलाई मशीन तथा साइकिल सहायता से संबंधित आवेदन शामिल रहे। इनमें से 3 प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण करते हुए 70 वर्ष से अधिक आयु के लाभार्थी कंधई लाल, गोविन्द राम सोनकर एवं तिलक राम के आयुष्मान भारत कार्ड तत्काल बनवाए गए, जबकि शेष प्रकरणों को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेज दिया गया।
शिविर में विजन प्लस के सहयोग से निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर भी लगाया गया, जिसमें 68 लोगों की आंखों की जांच की गई। जांच के बाद 65 जरूरतमंद वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क चश्मे उपलब्ध कराने की घोषणा की गई, जिससे बुजुर्गों को बेहतर दृष्टि और स्वास्थ्य सुविधा का लाभ मिल सकेगा।
युवा प्रतिभाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने के उद्देश्य से 190वें बॉयज यूथ क्लब एवं 125वें गर्ल्स यूथ क्लब का गठन किया गया। इस अवसर पर बॉयज यूथ क्लब को क्रिकेट एवं वॉलीबॉल किट तथा गर्ल्स यूथ क्लब को बैडमिंटन, वॉलीबॉल एवं कैरम किट वितरित की गईं।
शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों इशिका मौर्या (70.6%), आकांक्षा मौर्या (69.4%), वंशिका यादव (63.2%) एवं आदित्य पाल (62.8%) को साइकिल प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर कहा गया कि “आपका विधायक, आपके द्वार” अभियान केवल जनसुनवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का सतत प्रयास है। इसी लक्ष्य के साथ सरोजनीनगर को सशक्त, समृद्ध, शिक्षित और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अभियान लगातार आगे बढ़ रहा है।













