मित्रता दिवस पर बृज की रसोई का सेवा अभियान, 2 हजार से अधिक जरूरतमंदों को कराया निःशुल्क भोजन

[post-views]
  • इण्डियन हेल्पलाइन सोसाइटी की पहल, आशियाना क्षेत्र में मानवता और सेवा का दिया संदेश

शकील अहमद

सरोजनीनगर (लखनऊ)। मित्रता दिवस के अवसर पर इण्डियन हेल्पलाइन सोसाइटी (पंजीकृत) द्वारा संचालित सेवा प्रकल्प ‘बृज की रसोई’ ने मानवता और सेवा का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत करते हुए आशियाना क्षेत्र के विभिन्न चिन्हित स्थानों पर निःशुल्क भोजन वितरण अभियान चलाया। पूज्य बाबा नीम करौली महाराज जी की प्रेरणा एवं कृपा से आयोजित इस सेवा अभियान में लगभग 2 हजार से अधिक जरूरतमंद, निराश्रित, श्रमिक, महिलाएं, बुजुर्ग एवं बच्चों को स्वच्छ, ताजा और पौष्टिक भोजन सम्मानपूर्वक वितरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान संस्था के पदाधिकारियों ने मित्रता दिवस को केवल शुभकामनाओं तक सीमित न रखकर सेवा, सहयोग और मानवीय संवेदनाओं से जोड़ने का संदेश दिया। संस्था से जुड़े सी.एच. तिवारी ने कहा कि सच्ची मित्रता वही है, जो किसी जरूरतमंद के कठिन समय में उसके काम आए। उन्होंने कहा कि भूखे व्यक्ति को भोजन कराना सबसे बड़ा मानवीय धर्म है।

संस्था के संस्थापक विपिन कुमार शर्मा ने कहा कि मित्रता केवल रिश्तों का उत्सव नहीं, बल्कि समाज के कमजोर और वंचित वर्ग के प्रति अपने दायित्व का निर्वहन भी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि जन्मदिन, वैवाहिक वर्षगांठ, पुण्यतिथि अथवा अन्य पारिवारिक अवसरों पर जरूरतमंदों की सेवा का संकल्प लें, जिससे समाज में भूख और उपेक्षा को कम किया जा सके।

कार्यक्रम के संयोजकों ने बताया कि स्वयंसेवकों ने पूर्व निर्धारित रूट प्लान के अनुसार विभिन्न स्थानों पर अनुशासित एवं व्यवस्थित ढंग से भोजन वितरण किया। अभियान के दौरान स्वच्छता, गुणवत्ता और सम्मान का विशेष ध्यान रखा गया।

बलवंत सिंह ने कहा कि मित्रता दिवस पर जरूरतमंदों के चेहरों पर मुस्कान लाना ही इस अभियान की सबसे बड़ी उपलब्धि रही, जबकि जालिम सिंह ने बताया कि संस्था प्रत्येक रविवार इसी सेवा भाव के साथ निःशुल्क भोजन वितरण का कार्य निरंतर करती रहेगी।

इस अवसर पर अजय श्रीवास्तव, विकास पाण्डेय, दीपक भुटियानी, आशीष श्रीवास्तव, अनुराग दुबे, अखिलेश सिंह, दिव्यांश शर्मा, गोविन्द सिंह सहित अनेक स्वयंसेवकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। अंत में अनुराग दुबे ने सभी सहयोगियों, दानदाताओं एवं स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास दिलाया कि इण्डियन हेल्पलाइन सोसाइटी भविष्य में भी जनसेवा और मानवता के ऐसे अभियान निरंतर संचालित करती रहेगी।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts