26/11 हमले की बरसी पर डॉ. राजेश्वर सिंह ने दी शहीदों को श्रद्धांजलि, बोले-भारत की सुरक्षा नीति में आया निर्णायक बदलाव

सर्जिकल स्ट्राइक, बालाकोट एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का किया उल्लेख
रक्षा बजट और राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर कांग्रेस नेतृत्व वाली यूपीए सरकार पर उठाए सवाल
शकील अहमद
लखनऊ। मुंबई में 26 नवंबर 2008 को हुए आतंकी हमले की 18वीं बरसी पर सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने हमले में जान गंवाने वाले निर्दोष नागरिकों, वीर पुलिसकर्मियों और सुरक्षाबलों के जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि 26/11 केवल एक आतंकी हमला नहीं था, बल्कि तत्कालीन कांग्रेस नेतृत्व वाली यूपीए सरकार के कार्यकाल में राष्ट्रीय सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर विफलताओं का भयावह स्मारक भी था। देश ने आतंकवाद की वह विभीषिका देखी, जब मुंबई कई दिनों तक आतंकियों के निशाने पर रही और पूरा राष्ट्र अपने नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंतित था।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में आतंकवादियों के दुस्साहस और देश की सुरक्षा व्यवस्था के बीच का अंतर 26/11 ने पूरी दुनिया के सामने उजागर कर दिया था। उनके अनुसार, खुफिया सूचनाओं के बावजूद हमले को रोकने में विफलता, समुद्री सुरक्षा में खामियां और आतंकी हमले के दौरान समन्वित जवाबी कार्रवाई की चुनौतियों ने तत्कालीन व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए थे। उन्होंने सवाल उठाया कि चेतावनियां मिलने के बावजूद उस भयावह त्रासदी को रोकने के लिए पर्याप्त तैयारी क्यों नहीं की गई थी।
सर्जिकल स्ट्राइक से ऑपरेशन सिंदूर तक बदली सुरक्षा रणनीति
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा नीति में निर्णायक बदलाव आया है। अब भारत आतंकवादी हमलों को केवल निंदा और कूटनीतिक विरोध तक सीमित रखने वाला देश नहीं है। उन्होंने उरी के बाद सर्जिकल स्ट्राइक, पुलवामा के बाद बालाकोट एयर स्ट्राइक और पहलगाम के बाद ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए इन्हें बदली हुई रणनीतिक सोच के उदाहरण बताया।
उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने स्पष्ट कर दिया कि भारत की संप्रभुता और नागरिकों की सुरक्षा को चुनौती देने वालों को भारत अपनी शर्तों पर जवाब देने की क्षमता और इच्छाशक्ति रखता है।
डॉ. सिंह ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर केवल सैन्य कार्रवाई नहीं, बल्कि नए भारत के आत्मविश्वास, राजनीतिक इच्छाशक्ति और सामरिक सामर्थ्य की हुंकार था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के मार्गदर्शन में भारतीय सशस्त्र बलों ने जिस समन्वय, पराक्रम और सटीकता का परिचय दिया, उसने प्रत्येक भारतीय का मस्तक गर्व से ऊंचा किया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को यह संदेश मिल चुका है कि आतंकवाद को संरक्षण देकर भारत की सुरक्षा और संप्रभुता को चुनौती देने का दौर अब पहले जैसा नहीं रहा।
आंतरिक सुरक्षा और खुफिया समन्वय पर भी रखी बात
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में आंतरिक सुरक्षा, खुफिया समन्वय, आतंकवाद निरोधक तंत्र और राज्यों के साथ सुरक्षा सहयोग को सुदृढ़ करने पर निरंतर कार्य हुआ है। उन्होंने जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के विरुद्ध बहुआयामी रणनीति, सुरक्षा बलों की प्रभावी कार्रवाई और विकास की मुख्यधारा से जुड़ाव का भी उल्लेख किया।
शहीदों का बलिदान राष्ट्रीय चेतना का अमिट हिस्सा
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि 26/11 के शहीदों का बलिदान भारत की राष्ट्रीय चेतना का अमिट हिस्सा है। उन वीरों ने अपने प्राणों की आहुति देकर देश की रक्षा की। आज उनके बलिदान को सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि भारत आतंकवाद के विरुद्ध अपनी शून्य सहिष्णुता की नीति पर अडिग रहे और प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा के लिए अपनी क्षमताओं को निरंतर सुदृढ़ करता रहे।
उन्होंने कहा, “आतंकवाद के सामने न भारत झुका था, न झुकेगा।”
