सलमान खान
बाजपुर, उधम सिंह नगर। विशेष सघन प्रवर्तन अभियान के तहत आबकारी विभाग ने अवैध शराब के निर्माण और भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नाले किनारे संचालित भट्टियों को नष्ट कर दिया। इस दौरान भारी मात्रा में लाहन और कच्ची शराब भी बरामद की गई।
आबकारी आयुक्त के निर्देश पर अपराध निरोध क्षेत्र बाजपुर के अंतर्गत रम्पुरा काजी, सरकड़ी और केलाखेड़ा क्षेत्रों में दबिश दी गई। इस कार्रवाई में जनपदीय प्रवर्तन दल की टीम भी शामिल रही।

अभियान के दौरान टीम ने नाले किनारे बनी दो अवैध भट्टियों को ध्वस्त कर दिया और मौके पर मौजूद लगभग 4000 लीटर कच्ची शराब बनाने के लिए तैयार लाहन को नष्ट किया। इसके अलावा 55 लीटर कच्ची शराब भी बरामद की गई।
इस संबंध में आबकारी विभाग द्वारा धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत एक अभियोग पंजीकृत किया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है।
इस अभियान में आबकारी निरीक्षक महेंद्र सिंह बिष्ट, उप निरीक्षक देवेंद्र कुमार, प्रधान आबकारी सिपाही पवन कुमार कम्बोज, आबकारी सिपाही बलजीत सिंह, राखी और वंदना घिल्डियाल सहित अन्य टीम सदस्य मौजूद रहे।


















