सरोजनीनगर में अंबेडकर जयंती पर 20+ स्थानों पर कार्यक्रम, डॉ. राजेश्वर सिंह बोले-10 और प्रतिमाओं का होगा जीर्णोद्धार

शकील अहमद

लखनऊ। भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव रामजी अंबेडकर की जयंती के अवसर पर सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र में व्यापक स्तर पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए।

टीम राजेश्वर के नेतृत्व में विधानसभा के छह मंडलों के 20 से अधिक स्थानों पर पहुंचकर बाबा साहब की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित की गई और उनके विचारों समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।

इस अवसर पर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के नेतृत्व में चल रहे संविधान गौरव अभियान के अंतर्गत क्षेत्र में कराए गए विकास और जनहितकारी कार्यों की जानकारी भी साझा की गई।

विधायक द्वारा सरोजनीनगर में बाबा साहब की प्रतिमाओं के संरक्षण और सम्मान के लिए विशेष पहल करते हुए 10 प्रमुख स्थानों पर प्रतिमाओं का सौंदर्यीकरण कराया गया, जिनका लोकार्पण अंबेडकर जयंती की पूर्व संध्या पर किया गया।

इन कार्यों के तहत प्रतिमाओं के आसपास टीनशेड निर्माण, स्वच्छता व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था और परिसर विकास जैसे कार्य कराए गए, जिससे आमजन को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और बाबा साहब के प्रति सम्मान और अधिक सुदृढ़ हो।

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि सरोजनीनगर विधानसभा में अगले एक वर्ष के भीतर 10 और स्थानों पर प्रतिमाओं का जीर्णोद्धार कराया जाएगा। साथ ही इन स्थलों को स्थानीय सहभागिता के माध्यम से प्रेरणास्थल के रूप में विकसित किया जाएगा और साफ-सफाई व प्रकाश व्यवस्था को और बेहतर किया जाएगा।

इस अभियान के तहत समाज के विभिन्न वर्गों के उत्थान के लिए भी पहल की गई। जरूरतमंद विद्यार्थियों को साइकिल वितरित कर उनकी शिक्षा को प्रोत्साहित किया गया, वहीं वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित कर उनके योगदान को सराहा गया।

कार्यक्रमों के तहत खुशहालगंज मंडल के हुल्लीखेड़ा, नारायणपुर, सहिजनपुर, ऐन, नानमऊ, गुदौली, मौदा और पल्हेंदा में श्रद्धांजलि दी गई। अर्जुनगंज मंडल के माती, पश्चिम मोहल्ला माती, पूरब मोहल्ला माती और दक्षिण मोहल्ला माती में भी कार्यक्रम आयोजित हुए।

दक्षिण मंडल तृतीय के खान मार्केट खारिका प्रथम, हैबतमऊ मवैया और जय हिंद कॉलोनी बिजनौर में तथा सरोजनीनगर मंडल के हसन खेड़ा, गढ़ी चनौटी और हरौनी में टीम राजेश्वर द्वारा कार्यक्रम आयोजित कर बाबा साहब को नमन किया गया।

इसी क्रम में बल्दीखेड़ा मंडल, सरोजनीनगर दक्षिण प्रथम और दक्षिण द्वितीय मंडल के रतन खंड क्षेत्र में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। वहीं विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के पराग स्थित कार्यालय पर भी अंबेडकर जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई।

इन सभी कार्यक्रमों में हजारों की संख्या में स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं की सहभागिता रही। कार्यक्रमों के माध्यम से न केवल बाबा साहब को श्रद्धांजलि अर्पित की गई, बल्कि उनके विचारों को आत्मसात कर समतामूलक समाज के निर्माण का संकल्प भी दोहराया गया।

सरोजनीनगर में आयोजित यह अभियान केवल एक जयंती समारोह नहीं, बल्कि विकास, सामाजिक समरसता और संवैधानिक मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने की एक व्यापक पहल के रूप में सामने आया है।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts