सौरभ जायसवाल
महराजगंज। जनपद के विकास खंड धानी अंतर्गत ग्रामसभा कानापार उर्फ रामनगर में मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर आवाज उठाई गई है। क्षेत्र के समाजसेवी हरी प्रताप पासवान (गोलू) ने जिलाधिकारी महराजगंज को ज्ञापन सौंपकर स्थानीय समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित किया।
ज्ञापन में बताया गया है कि गांव में बुनियादी सुविधाओं की स्थिति बेहद खराब है, जिससे ग्रामीणों को दैनिक जीवन में कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रमुख समस्याओं में खेल मैदान का अभाव शामिल है, जिससे बच्चों और युवाओं को खेलने के लिए उचित स्थान नहीं मिल पा रहा है। वहीं, साफ-सफाई की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं है, जिससे क्षेत्र में स्वास्थ्य संबंधी जोखिम बढ़ रहे हैं।
इसके अलावा ज्ञापन में धार्मिक और सामाजिक महत्व वाले छठ घाट के सुंदरीकरण तथा मुक्तिधाम के विकास की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई है। साथ ही शुद्ध पेयजल की समस्या को गंभीर बताते हुए इसके समाधान की मांग की गई है।
ज्ञापन में धानी बाजार में लगने वाले भीषण जाम को भी एक बड़ी समस्या बताया गया है। इस समस्या के समाधान के लिए नई सब्जी मंडी स्थापित करने की मांग की गई है, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू हो सके और आमजन को राहत मिल सके।
समाजसेवी हरी प्रताप पासवान (गोलू) ने प्रशासन से अपील की है कि इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान कराया जाए, जिससे क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।


















