महराजगंज: तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से युवक गंभीर, गोरखपुर में जिंदगी की जंग

सौरभ जायसवाल

महराजगंज। बृजमनगंज थाना क्षेत्र के उसका-धानी मार्ग पर बीते सोमवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे आनन-फानन में गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराकर इलाज करा रहे हैं, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और वह जिंदगी व मौत से जूझ रहा है।

घायल युवक मनोज चौरसिया पुत्र राजेंद्र चौरसिया निवासी दुबौलिया बृजमनगंज का रहने वाला है जो अपनी बहन सुशीला के घर धानी क्षेत्र के कोइलाडांड शादी में शरीक होने गया था। सोमवार की सुबह वह बहन के घर के पास ही मुड़ रहा था, तभी सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मनोज गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना के बाद आरोपी बाइक सवार मौके पर ही अपनी बाइक छोड़कर फरार हो गया। जिस बाइक से हादसा हुआ वह हीरो पैशन बताई जा रही है, जिसका नंबर यूपी 53 इक्यू 4258 है।

घायल युवक के भाई सनोज चौरसिया ने बुधवार को बृजमनगंज थाना में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

इस संबंध में थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है, जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *