लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बड़ी खामी: कट और अधूरे नालों को लेकर निरीक्षण, अधिकारियों ने दिया आश्वासन

शकील अहमद

सरोजनीनगर (लखनऊ)। राजधानी लखनऊ के सरोजनीनगर क्षेत्र में कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर आबादी वाले इलाकों में कट डाइवर्जन और अधूरे पड़े नाले के निर्माण जैसी समस्याओं को लेकर स्थानीय लोगों ने गंभीर चिंता जताई है।

इसी क्रम में बीते गुरुवार को विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के प्रतिनिधि निखिल त्रिपाठी और पार्षद गीता देवी गुप्ता के नेतृत्व में पीएनसी कंपनी एवं भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के उच्च अधिकारियों के साथ शांति नगर, स्कूटर इंडिया और दरोगा खेड़ा क्षेत्र से संबंधित महत्वपूर्ण वार्ता संपन्न हुई।

इस दौरान मौके पर भाजपा नेता शंकरी सिंह, गौरी व्यापार मंडल अध्यक्ष अंबुज शर्मा, वरिष्ठ भाजपा नेता संजय सिंह चौहान, राजेश त्रिपाठी, भुवनेन्द्र सिंह उर्फ मुन्ना, समाजसेवी हरीश चंद्र, अमित जायसवाल, देवेंद्र यादव, अरुण पेंटर सहित क्षेत्र के अन्य गणमान्य व्यापारी एवं नागरिक भी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान हाईवे निर्माण के कारण क्षेत्रवासियों एवं व्यापारियों को हो रही आवागमन की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। खास तौर पर आबादी वाले क्षेत्रों में हाईवे को पार करने के लिए सुरक्षित और सुगम रास्ता उपलब्ध न होने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि बिना सुरक्षित कट या पैदल पार मार्ग के लोगों को जान जोखिम में डालकर सड़क पार करनी पड़ रही है।

इसी क्रम में क्षेत्र में अधूरे पड़े नालों की समस्या भी उठाई गई, जिससे जलभराव और गंदगी की स्थिति बनी रहती है और लोगों का आवागमन प्रभावित होता है। स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने हाईवे निर्माण से उत्पन्न हो रही इन दैनिक समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया।

पार्षद गीता देवी गुप्ता ने क्षेत्रवासियों की समस्याओं को गंभीरता से रखते हुए उच्च अधिकारियों से मांग की कि आमजन की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हाईवे पार करने के लिए समुचित मार्ग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही अधूरे पड़े नालों के निर्माण कार्य को जल्द से जल्द पूरा कराया जाए।

पीएनसी कंपनी एवं नेशनल हाईवे के उच्च अधिकारियों ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुना और भरोसा दिलाया कि सभी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि जनहित से जुड़े इन मुद्दों को जल्द निस्तारित किया जाएगा।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने जनहित में सकारात्मक पहल के लिए पार्षद गीता देवी गुप्ता और विधायक प्रतिनिधि निखिल त्रिपाठी का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *