रायबरेली। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, साफ-सफाई, दवा वितरण और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर, ओपीडी, इमरजेंसी वार्ड, विभिन्न वार्डों, दवा वितरण कक्ष, पैथोलॉजी और रजिस्ट्रेशन काउंटर का गहन निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों से बातचीत कर उपचार, दवा उपलब्धता और स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने मरीजों से अस्पताल में मिलने वाली सुविधाओं को लेकर फीडबैक भी लिया और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
सरनीत कौर ब्रोका ने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में स्वच्छता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और नियमित रूप से सैनिटाइजेशन तथा सफाई कार्य सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में पेयजल, शौचालय और प्रतीक्षालय की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को समय से उपस्थित रहकर संवेदनशीलता के साथ मरीजों का उपचार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक मरीज को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।

दवा वितरण कक्ष में दवाओं की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने आवश्यक दवाओं का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही अस्पताल प्रशासन को मरीजों की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने निर्देशित किया कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार किया जाए और स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नवीन चंद्रा, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक जिला अस्पताल (पुरुष) डॉ. पुष्पेंद्र कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।






