रायबरेली। जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रायबरेली के निर्देशन में 09 मई 2026 को दीवानी न्यायालय रायबरेली में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। लोक अदालत का शुभारंभ सुबह 10 बजे से होगा।
राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार-प्रसार को लेकर बुधवार को एडीआर सेंटर छजलापुर रायबरेली से प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह प्रचार वाहन बैंक ऑफ बड़ौदा रायबरेली के सहयोग से उपलब्ध कराया गया है।
प्रचार वाहन को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती अनिशा, बैंक ऑफ बड़ौदा के क्षेत्रीय प्रबंधक संजय कुमार राय और अग्रणी जिला प्रबंधक रुपेश दुबे ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह वाहन शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रति आमजन को जागरूक करेगा। प्रचार अभियान के दौरान शहर के प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर पैम्फलेट वितरित कर लोगों को लोक अदालत की उपयोगिता और उसमें निस्तारित होने वाले मामलों की जानकारी दी जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान बैंक ऑफ बड़ौदा के राजीव रंजन श्रीवास्तव, वसूली अधिकारी आदर्श बाजपेयी, पराविधिक स्वयं सेवक मनोज कुमार प्रजापति, राजकमल और वीरेंद्र कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
इनसेट-
ई-चालानों का राष्ट्रीय लोक अदालत में कराये सरल निस्तारण
जिला न्यायालय में राष्ट्रीय लोक अदालत का प्रातः 10 बजे से होगा आयोजन
रायबरेली। राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन 09 मई 2026 को दीवानी न्यायालय, रायबरेली में प्रातः 10 बजे से किया जा रहा है। इस राष्ट्रीय लोक अदालत में अन्य मामलों के साथ-साथ वाहनों के ई-चालानों का निस्तारण सुगमता से कराया जा सकता है।
सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनिशा द्वारा बताया गया कि जिन व्यक्तियों के वाहनों का पुलिस अथवा यातायात पुलिस द्वारा ई-चालान किया गया है वे सभी व्यक्ति 09 मई 2026 को दीवानी न्यायालय परिसर रायबरेली में आकर राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से सुगमता से अपने मामले का निस्तारण करा सकते है।






