शकील अहमद
बिजनौर (लखनऊ)। बिजनौर थाना क्षेत्र के ग्राम अशरफ नगर में बुधवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही थाना बिजनौर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। युवक के शरीर पर प्रथम दृष्टया चोट के निशान मिलने से मामला संदिग्ध माना जा रहा है।
पुलिस के अनुसार सुबह करीब 6 बजे सूचना मिली कि ग्राम अशरफ नगर के पास गांव के बाहर स्थित झील किनारे एक खाली प्लॉट में एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर जांच के दौरान युवक मृत अवस्था में पड़ा मिला।
आसपास मौजूद लोगों और परिजनों से पूछताछ के बाद मृतक की पहचान पुत्र रमेश गौतम निवासी ग्राम अशरफ नगर थाना बिजनौर के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि मृतक संविदा पर सफाई कर्मचारी के पद पर कार्यरत था और अविवाहित था।
युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस उपायुक्त दक्षिणी तथा सहायक पुलिस आयुक्त कृष्णानगर रजनीश वर्मा मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मृतक के परिजनों से बातचीत कर मामले के शीघ्र और निष्पक्ष खुलासे का आश्वासन दिया।
मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं परिजनों से प्राप्त तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
कृष्णानगर एसीपी रजनीश वर्मा ने बताया कि मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहनता से की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है, ताकि घटना के पीछे की सच्चाई जल्द सामने लाई जा सके।






