- सुंदरकांड पाठ के बाद बूंदी, शर्बत और सब्जी-पूरी का वितरित हुआ प्रसाद
शकील अहमद
सरोजनीनगर, लखनऊ। ज्येष्ठ माह के तीसरे बड़े मंगलवार के अवसर पर राजधानी लखनऊ में जगह-जगह धार्मिक आयोजन और भंडारों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में सरोजनी नगर क्षेत्र के रुस्तम विहार, मदीना मस्जिद के निकट विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
भंडारे का आयोजन रमेश गुप्ता के नेतृत्व में किया गया, जिसमें उनके परिवार एवं मोहल्ले के लोगों का भी विशेष सहयोग रहा। आयोजन से पहले सुंदरकांड पाठ किया गया, जिसके बाद श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण शुरू हुआ।
भंडारे में प्रसाद के रूप में बूंदी, शर्बत और सब्जी-पूरी की व्यवस्था की गई थी। सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं और देर तक लोग लाइन में लगकर प्रसाद ग्रहण करते रहे।
आयोजन स्थल पर धार्मिक आस्था और उत्साह का माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने बजरंग बली के जयकारों के साथ प्रसाद ग्रहण किया। स्थानीय लोगों ने बताया कि बड़े मंगल के अवसर पर हर वर्ष क्षेत्र में इसी तरह भव्य आयोजन किए जाते हैं, जिनमें हजारों लोग शामिल होते हैं।
कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य लोग, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। लोगों ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे सामाजिक सौहार्द और धार्मिक आस्था का प्रतीक बताया।








