अमेठी में बड़े मंगल पर श्रद्धा का सैलाब, जगह-जगह भंडारों में उमड़े हजारों श्रद्धालु

  • सुबेहा, शुकुल बाजार और इन्हौना में आयोजित हुए विशाल भंडारे, बजरंगबली के जयकारों से गूंजा क्षेत्र

पंकज तिवारी

इन्हौना/जगदीशपुर (अमेठी)। ज्येष्ठ माह के पांचवें बड़े मंगलवार को अमेठी जनपद के सुबेहा, शुकुल बाजार और इन्हौना क्षेत्र में श्रद्धा, भक्ति और सेवा का अनूठा संगम देखने को मिला। क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर विशाल भंडारों का आयोजन किया गया, जहां हजारों श्रद्धालुओं ने बजरंगबली का प्रसाद ग्रहण किया।

सुबह से ही मंदिरों और सार्वजनिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। भंडारे से पूर्व भगवान हनुमान का विधिवत पूजन-अर्चन और भोग लगाया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच बूंदी, पूड़ी-सब्जी, छोला-चावल और हलवे का प्रसाद वितरित किया गया।

भंडारों में सेवा कर रहे श्रद्धालुओं ने बड़ी आत्मीयता और श्रद्धा के साथ लोगों को प्रसाद वितरित किया। पूरे क्षेत्र में “जय बजरंगबली” और “संकट कटे मिटे सब पीरा, जो सुमिरै हनुमत बलबीरा” के जयघोष गूंजते रहे। श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और भक्ति का वातावरण देखने को मिला।

शुकुल बाजार में उद्योगपति महेंद्र विजय सिंह द्वारा भंडारे का आयोजन किया गया, जबकि माताफेर ब्रदर्स और इन्हौना में प्रदीप पुस्तक भंडार की ओर से भी विशाल भंडारे आयोजित किए गए। इन आयोजनों में क्षेत्र के व्यापारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

कार्यक्रम में डॉ. आलोक त्रिपाठी, प्रदीप द्विवेदी, धर्मेंद्र द्विवेदी, डॉ. अनुराग द्विवेदी, कृष्णा नर्सिंग होम भेल के निदेशक डॉ. पवन तिवारी, समाजसेवी बब्बन द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण किया और भगवान हनुमान से सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की।

बड़े मंगल के अवसर पर आयोजित इन धार्मिक आयोजनों ने न केवल आस्था को मजबूत किया, बल्कि समाज में सेवा, सद्भाव और एकता का संदेश भी दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *