- निगोहां थाना क्षेत्र में दुकान से बाहर निकले युवक पर हमला, पुलिस ने तहरीर लेकर शुरू की जांच
शकील अहमद
लखनऊ। राजधानी के निगोहां थाना क्षेत्र में एक मोबाइल दुकानदार पर धारदार हथियार से हमले का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में सिविल अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, बैरी मांगटैंया निवासी सूरज साहू अपनी मोबाइल शॉप पर मौजूद थे। बताया जा रहा है कि वह दुकान से निकलकर पास स्थित पान मसाला की दुकान की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कथित रूप से अशोक अवस्थी और उसके साथ मौजूद दो अन्य लोगों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।
हमला करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमले में सूरज साहू गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर घायल पक्ष निगोहां थाने पहुंचा और पुलिस को लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने घायल को दो सिपाहियों के साथ उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहनलालगंज भेजा। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उन्हें सिविल अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने कानून-व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस का कहना है कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है और जांच के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।













