- कुछ माह पहले हुई थी गड्ढा मुक्त सड़क की मरम्मत, अब 16 किलोमीटर मार्ग पर दुर्घटना का बढ़ा खतरा
सौरभ जायसवाल
बृजमनगंज, महराजगंज। बृजमनगंज-फरेंदा मार्ग की जर्जर हालत इन दिनों राहगीरों और वाहन चालकों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनी हुई है। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों के कारण बाइक, साइकिल और चार पहिया वाहनों से सफर करना जोखिम भरा हो गया है। बरसात और भारी वाहनों के लगातार दबाव के चलते सड़क की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रदेश सरकार की गड्ढा मुक्त सड़क योजना के तहत कुछ माह पहले इस मार्ग की मरम्मत कराई गई थी, लेकिन थोड़े ही समय बाद सड़क की गिट्टियां उखड़ने लगीं। इसके बाद बरसात और बाढ़ के असर से लगभग 16 किलोमीटर लंबा यह मार्ग फिर से गड्ढों में तब्दील हो गया।
ग्रामीणों के अनुसार सड़क की खराब हालत के कारण आए दिन बाइक और साइकिल सवार फिसलकर घायल हो रहे हैं। कई स्थानों पर वाहन चालकों को गड्ढों से बचते हुए गुजरना पड़ता है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
यह मार्ग क्षेत्र के प्रसिद्ध शक्तिपीठ लेहड़ा देवी मंदिर तक पहुंचने का प्रमुख रास्ता है। इसके अलावा फरेंदा, बृजमनगंज, बहदुरी, कोल्हुई, सिद्धार्थनगर और सोनौली होते हुए नेपाल जाने वाले यात्री भी भीड़भाड़ से बचने के लिए इसी मार्ग का उपयोग करते हैं। ऐसे में सड़क की खराब स्थिति यात्रियों के लिए गंभीर समस्या बन गई है।
इन स्थानों पर सबसे ज्यादा खराब है सड़क
स्थानीय लोगों के मुताबिक हरदीडाली गांव से समय माता स्थान, विजय सलहिया और बनगढ़िया स्थित एफसीआई गोदाम से लेकर इनायतनगर चौराहे तक सड़क की हालत सबसे अधिक खराब है। गड्ढों और टूटी सड़क के कारण कई बार ट्रक और अन्य भारी वाहन फंस जाते हैं, जिससे जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है।
फरेंदा से बृजमनगंज होते हुए उसका बाजार तक जाने वाला यह मार्ग पहले से ही सिंगल रोड है। ऐसे में सड़क की जर्जर स्थिति ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।
क्षेत्र के बबलू जायसवाल, श्रवण गिरी, रवि यादव, रवि वर्मा, सूरज सिंह जायसवाल, इन्द्रेश यादव, रजत चौधरी और दीपचंद सहित अन्य लोगों ने शासन और संबंधित विभाग से सड़क की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि सड़क की मरम्मत होने से न केवल यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि क्षेत्र के व्यापार और धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।













