- लखनऊ के संवेदनशील क्षेत्रों में नालों की सफाई, पंपिंग सेट और निगरानी तंत्र मजबूत करने की मांग
सौरभ जायसवाल
लखनऊ। आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने राजधानी लखनऊ में संभावित जलभराव की समस्या के स्थायी एवं प्रभावी समाधान के लिए प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना को पत्र लिखकर आवश्यक तैयारियां समय रहते सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने अपने पत्र में कहा है कि मानसून के दौरान लखनऊ के कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है, जिससे आम नागरिकों, विद्यार्थियों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, व्यापारियों तथा दैनिक आवागमन करने वाले लोगों को भारी असुविधाओं का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं, इसलिए वर्षा ऋतु शुरू होने से पहले सभी जरूरी व्यवस्थाओं को दुरुस्त कर लेना आवश्यक है।
विधायक ने जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए लंबित नालों के निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने, प्रमुख एवं छोटे नालों की व्यापक सफाई कराने तथा जलनिकासी व्यवस्था को प्रभावी बनाने की मांग की है।
उन्होंने पत्र में यह भी कहा कि जलभराव की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में पंपिंग सेट उपलब्ध कराए जाएं और उनकी कार्यशीलता सुनिश्चित की जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल जल निकासी की जा सके। साथ ही पूर्व वर्षों में जलभराव से प्रभावित क्षेत्रों की पहचान कर वहां विशेष निगरानी व्यवस्था लागू करने का भी सुझाव दिया गया है।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने नगर निगम, लखनऊ विकास प्राधिकरण, सिंचाई विभाग और अन्य संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर देते हुए मानसून अवधि में दैनिक निगरानी एवं समीक्षा तंत्र विकसित किए जाने की आवश्यकता बताई। उनका कहना है कि विभिन्न विभागों के बीच समन्वित और समयबद्ध कार्रवाई से नागरिकों को काफी राहत मिल सकती है।
उन्होंने कहा कि जलभराव केवल मौसमी परेशानी नहीं है, बल्कि यह नागरिकों की सुरक्षा, स्वास्थ्य, आवागमन और दैनिक जीवन से जुड़ा गंभीर विषय है। यदि समय रहते तैयारी कर ली जाए तो इस चुनौती से प्रभावी ढंग से निपटा जा सकता है।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने विश्वास जताया कि प्रदेश सरकार और संबंधित विभाग जनहित को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कदम उठाएंगे तथा मानसून के दौरान लखनऊवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने में सफल होंगे।













