महराजगंज: शटरिंग के विवाद में मारपीट, तीन नामजद आरोपियों पर मुकदमा दर्ज
- काम के दौरान कहासुनी के बाद लाठी-डंडे, ईंट और सरिया से हमले का आरोप, कई लोग घायल
सौरभ जायसवाल
बृजमनगंज, महराजगंज। बृजमनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम सभा फुलमनहा टोला जीतपुर में शटरिंग के काम के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई, जिसमें कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर में सुमेरपुर निवासी नरेंद्र ने बताया कि वह 8 जून को जीतपुर गांव में शटरिंग का कार्य कर रहा था। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर लक्ष्मण, मोहन और तीर्थराज उर्फ सुखारी यादव ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर उस पर हमला कर दिया।
पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडे, ईंट और सरिया से मारपीट की, जिससे वह और उसके साथ मौजूद अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बृजमनगंज ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।
थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्रा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
