सांस्कृतिक विरासत व धरोहरों का हो रहा है कायाकल्प व संरक्षण: दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’

सौरभ जायसवाल

बृजमनगंज, महराजगंज। बृजमनगंज विकास खंड क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध आस्था केंद्र मां लेहरा दुर्गा मंदिर में शनिवार को उत्तर प्रदेश सरकार के प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ पहुंचे। यहां उन्होंने मां दुर्गा के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और मंदिर परिसर में चल रहे जीर्णोद्धार एवं सुंदरीकरण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।

इस अवसर पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश और प्रदेश की धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों का संरक्षण और कायाकल्प किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विरासत का संरक्षण और विकास का संकल्प ही सरकार की पहचान है।

दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने कहा, “मां लेहरा वाली धाम का नया स्वरूप क्षेत्र के धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित करेगा।”

मंदिर परिसर में उन्होंने आधुनिक सुविधाओं से युक्त धर्मशाला, घाट पर बन रही सीढ़ियों, आकर्षक प्रवेश द्वार, शुद्ध पेयजल व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों और संबंधित कार्यदायी संस्थाओं से उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी भी ली।

इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों पर भी प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडे, पूर्व जिलाध्यक्ष अरुण शुक्ला, पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश जायसवाल, झिनक विश्वकर्मा, धर्मेंद्र राजू सिंह, गुलाब चौरसिया, मंटू मणि, राजन, जगदंबा जायसवाल, मीडिया प्रभारी जितेंद्र शर्मा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और श्रद्धालु मौजूद रहे।

मंदिर परिसर में प्रभारी मंत्री के आगमन को लेकर श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। लोगों ने उम्मीद जताई कि मंदिर के विकास कार्य पूरे होने के बाद यह क्षेत्र धार्मिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में और अधिक पहचान बनाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *