बहराइच में मोहर्रम को लेकर जिला शांति समिति की बैठक, डीएम बोले- नई परंपरा की न करें शुरुआत

  • डीएम अक्षय त्रिपाठी और एसपी विश्वजीत श्रीवास्तव ने की शांति व सौहार्द बनाए रखने की अपील, सोशल मीडिया पर अफवाहों से सतर्क रहने के निर्देश

रवि सोनी

बहराइच। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और पारंपरिक तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न धर्मगुरुओं, संभ्रांत नागरिकों और शांति समिति के सदस्यों ने भाग लिया।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने कहा कि मोहर्रम का पर्व आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाया जाए। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की नई परंपरा की शुरुआत न की जाए और वर्षों से चली आ रही परंपराओं के अनुरूप ही त्योहार मनाया जाए।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि त्योहार के दौरान नियमित जलापूर्ति, साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि यदि कहीं कोई समस्या या अप्रिय स्थिति उत्पन्न होती है तो उसकी सूचना तत्काल प्रशासन को दी जाए, ताकि उसका समय रहते समाधान कराया जा सके।

पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने कहा कि मोहर्रम पर्व के दौरान सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

एसपी ने विशेष रूप से सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों को लेकर लोगों से सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी भ्रामक फोटो, वीडियो या संदेश को लाइक, शेयर या कमेंट न करें तथा ऐसी सामग्री की जानकारी तत्काल पुलिस या संबंधित थाने को दें।

बैठक में नगर पालिका परिषद बहराइच के पूर्व अध्यक्ष तेजे खां, कल्बे अब्बास, रूमी मियां, जफर उल्लाह खां ‘बंटी’ सहित जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए धर्मगुरुओं और संभ्रांत नागरिकों ने साफ-सफाई, बिजली और पेयजल व्यवस्था से जुड़े सुझाव भी प्रशासन के समक्ष रखे।

इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी सौरभ दुबे, अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद, प्रभागीय वनाधिकारी सुन्दरेषा, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संजय कुमार, संबंधित उप जिलाधिकारी, अधिशासी अधिकारी विद्युत, जिला पंचायत राज अधिकारी, नगर पालिका परिषद के अधिकारी तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts