- बृजमनगंज में जनसंवाद कार्यक्रम में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री ने गिनाईं केंद्र सरकार की उपलब्धियां, विकसित भारत के संकल्प को दोहराया
सौरभ जायसवाल
बृजमनगंज, महराजगंज। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बृजमनगंज के रेलवे परिसर में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जनता के सामने रखा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्ष विकास, सुशासन और जनकल्याण के दृष्टिकोण से बेमिसाल रहे हैं।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत शुक्रवार शाम आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। अपने संबोधन में पंकज चौधरी ने कहा कि केंद्र सरकार ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के सपने को साकार करने के लिए गरीबों, किसानों, मजदूरों, महिलाओं और युवाओं के उत्थान हेतु अनेक योजनाएं संचालित की हैं, जिनका लाभ करोड़ों लोगों तक पहुंचा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच है कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और उसके जीवन स्तर में सुधार हो। इसी उद्देश्य से केंद्र सरकार विभिन्न जनहितकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू कर रही है।
पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज केवल भारत ही नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर भी एक प्रभावशाली नेता के रूप में स्थापित हुए हैं। उन्होंने कहा कि देशहित को सर्वोपरि रखते हुए लिए गए निर्णयों और विकास कार्यों ने भारत की पहचान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत किया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आज एक नया, आत्मविश्वासी और आत्मनिर्भर भारत दुनिया के सामने उभर रहा है। केंद्र सरकार वर्ष 2047 तक विकसित भारत, आत्मनिर्भर भारत और श्रेष्ठ भारत के निर्माण के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में भारत विश्व की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराएगा।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह, नवनिर्वाचित सभापति एवं पूर्व विधायक शिवेंद्र चौधरी, जिला कार्यकारी समिति सदस्य हरिश्चंद्र सोनकर, ब्लॉक प्रमुख उदय राज यादव, नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश जायसवाल, राजेश जायसवाल, कृष्ण गोपाल जायसवाल, सहकारी समिति अध्यक्ष योगेंद्र यादव, महिला मंडल अध्यक्ष कुसुमलता, नन्हे सिंह, आशीष जायसवाल, जेपी गौड़, मनोज सिंह, राजू जायसवाल, मनोज जायसवाल तथा प्रधान संघ अध्यक्ष राजू सिंह सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों पर चर्चा करते हुए विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में जनभागीदारी की आवश्यकता पर भी जोर दिया।













