मीटर जीरो कराने की बात पर पेट्रोल पंप पर विवाद, युवक ने मारपीट का लगाया आरोप

  • बृजमनगंज के इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप का मामला, पुलिस को तहरीर देकर जांच की मांग

बृजमनगंज, महराजगंज। थाना क्षेत्र के ग्राम बेला हरैया निवासी एक युवक ने पेट्रोल पंप कर्मियों पर मारपीट और दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। मामले को लेकर थाना बृजमनगंज में तहरीर दी गई है, जिसके आधार पर पुलिस जांच में जुट गई है।

ग्राम बेला हरैया निवासी विकास साहनी पुत्र राजकुमार के अनुसार वह 23 जून की रात अपनी बाइक में पेट्रोल भराने के लिए बृजमनगंज स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर पहुंचे थे। उनका आरोप है कि पेट्रोल भराने से पहले उन्होंने कर्मियों से मीटर को जीरो कर तेल नापने की बात कही। इसी बात को लेकर पंप कर्मियों से कहासुनी शुरू हो गई।

पीड़ित का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर पंप कर्मियों ने उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और बाद में कुछ अन्य लोगों को बुलाकर मारपीट की। उन्होंने दावा किया कि पूरी घटना पेट्रोल पंप परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है, जिसकी जांच कर सच्चाई सामने लाई जा सकती है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि संबंधित पेट्रोल पंप पर ग्राहकों के साथ विवाद और दुर्व्यवहार की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

विकास साहनी ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। वहीं, थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्रा ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की पड़ताल के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts