मोहर्रम को लेकर एडिशनल एसपी ने बृजमनगंज में किया फ्लैग मार्च

भारी पुलिस बल के साथ नगर क्षेत्र में निकाला गया मार्च, शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील

सौरभ जायसवाल

बृजमनगंज, महराजगंज। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार की शाम एडिशनल एसपी सिद्धार्थ के नेतृत्व में भारी पुलिस बल के साथ नगर पंचायत बृजमनगंज में फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च के माध्यम से आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया गया।

फ्लैग मार्च थाना परिसर से शुरू होकर मुख्य बाजार, मस्जिद रोड, स्टेशन रोड तथा नगर पंचायत के विभिन्न वार्डों से होकर गुजरा। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से संवाद स्थापित कर शांति, भाईचारा एवं आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

पुलिस अधिकारियों ने लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया। साथ ही पर्व के दौरान प्रशासन का सहयोग करने की भी अपील की गई।

थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्र ने कहा कि मोहर्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बिगाड़ने अथवा सामाजिक सौहार्द खराब करने का प्रयास करने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरी तरह सतर्क है और पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

फ्लैग मार्च में क्षेत्राधिकारी फरेंदा दीपशिखा वर्मा, ताड़केश्वर वर्मा, निरंजन राय, गजेंद्र प्रताप सिंह, आलोक यादव, सावंत कुमार, राजन पासवान सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद रहे। फ्लैग मार्च के दौरान नगर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस की सक्रियता स्पष्ट रूप से देखने को मिली।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts