- रायबरेली के दिहुरा गांव पहुंचकर परिजनों से की मुलाकात, तत्काल 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की
शुभम शर्मा
रायबरेली। हरचंदपुर विधानसभा क्षेत्र के जनसेवक नयन शुक्ला ने ग्राम दिहुरा, पोस्ट पोराई पहुंचकर कैंसर पीड़ित पंकज कुमार यादव और उनके परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पीड़ित की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली और परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
मुलाकात के दौरान नयन शुक्ला ने परिवार की आर्थिक एवं सामाजिक परिस्थितियों की जानकारी लेते हुए कहा कि कठिन समय में वे परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने घोषणा की कि पंकज कुमार यादव के बेहतर उपचार के लिए उन्हें अपने निजी खर्च पर लखनऊ ले जाकर इलाज कराया जाएगा, ताकि उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सके।
इसके साथ ही उन्होंने तत्काल राहत के रूप में पीड़ित परिवार को 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान की।
नयन शुक्ला ने कहा कि समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति का दायित्व है कि वह जरूरतमंद और असहाय लोगों की सहायता के लिए आगे आए। उन्होंने विश्वास दिलाया कि उपचार के दौरान यदि आगे भी किसी प्रकार की आवश्यकता होगी तो हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
पीड़ित परिवार ने इस सहयोग के लिए नयन शुक्ला का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कठिन समय में मिला यह साथ उनके लिए बड़ी राहत और उम्मीद लेकर आया है। वहीं क्षेत्र के लोगों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे मानवीय संवेदनाओं और सामाजिक उत्तरदायित्व का सकारात्मक उदाहरण बताया।













