एनएसजी के आतंकवाद-रोधी संयुक्त अभ्यास में आरपीएफ ने हासिल किया तीसरा स्थान

  • 13 दिवसीय संयुक्त काउंटर टेररिज्म एक्सरसाइज में देशभर की नौ टीमों ने लिया हिस्सा, कमांडो कौशल और ऑपरेशनल क्षमता का हुआ परीक्षण

शकील अहमद

लखनऊ। राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) द्वारा 15 से 27 जून 2026 तक आयोजित 49वीं क्लस्टराइज्ड जॉइंट काउंटर टेररिज्म एक्सरसाइज में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए देशभर की नौ प्रतिभागी टीमों के बीच तीसरा स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि को आतंकवाद-रोधी अभियानों में आरपीएफ की बढ़ती परिचालन क्षमता और उच्चस्तरीय प्रशिक्षण का महत्वपूर्ण परिणाम माना जा रहा है।

इस संयुक्त अभ्यास में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों एवं विभिन्न राज्यों के पुलिस बलों की कुल नौ टीमों ने भाग लिया। प्रत्येक टीम में 18 प्रशिक्षित कमांडो शामिल थे और कुल 152 प्रतिभागियों ने इस अभ्यास में हिस्सा लिया। अभ्यास का उद्देश्य विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय, त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता तथा संयुक्त अभियान संचालन को और अधिक प्रभावी बनाना था।

13 दिनों तक चले प्रशिक्षण एवं मूल्यांकन के दौरान प्रतिभागियों की सामरिक दक्षता, शारीरिक क्षमता और परिचालन कौशल की विभिन्न चरणों में परीक्षा ली गई। इसमें रूम इंटरवेंशन, बस इंटरवेंशन, आईईडी ऑब्जर्वेशन, फिजिकल एंड्योरेंस, फायरिंग तथा अन्य विशेष ऑपरेशनल गतिविधियों के माध्यम से कमांडो की तैयारी का आकलन किया गया। टीमों का मूल्यांकन उनके समग्र प्रदर्शन, अनुशासन, निर्णय क्षमता और ऑपरेशनल दक्षता के आधार पर किया गया।

आरपीएफ की टीम ने सभी चरणों में प्रभावी प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान हासिल किया। अधिकारियों के अनुसार यह सफलता बल के आधुनिकीकरण, अत्याधुनिक प्रशिक्षण, बेहतर संसाधनों और क्षमता निर्माण की दिशा में किए जा रहे निरंतर प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि भविष्य में संयुक्त सुरक्षा अभियानों में आरपीएफ की भूमिका को और अधिक सशक्त बनाएगी।

सुरक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि इस प्रकार के संयुक्त अभ्यास विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय और आपसी तालमेल को मजबूत करते हैं, जिससे किसी भी आतंकवादी या आपात स्थिति का प्रभावी एवं त्वरित ढंग से सामना किया जा सकता है।

अभ्यास के दौरान आरपीएफ की महानिदेशक सोनाली मिश्रा तथा महानिरीक्षक सुमति शांडिल्य सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts