- प्राथमिक उपचार के बाद सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर
खीरों, रायबरेली। थाना क्षेत्र के अंतर्गत कस्बा खीरों में एक निर्माणाधीन भवन के मालिक और शटरिंग कारीगर के बीच मजदूरी के हिसाब को लेकर पहले कहासुनी हुई। बाद में विवाद बढ़ने पर दोनों में मारपीट हो गई। घटना में शटरिंग कारीगर के सिर पर चोट आई। आस-पास मौजूद लोगों ने उसे इलाज के लिए सीएचसी पहुंचाया।
जहां से प्राथमिक उपचार के बाद नाजुक हालत में उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना में पुलिस को अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है। थाना क्षेत्र के अतरहर गांव निवासी ज्ञानेंद्र प्रकाश द्विवेदी (भन्ड महराज) पुत्र कौशल किशोर द्विवेदी खीरों कस्बे में पावर हाउस मोड़ के निकट, सेमरी-रायबरेली मुख्य मार्ग के किनारे अपने एक निजी भवन का निर्माण करवा रहे हैं। निर्माण कार्य पिछले कई हफ्तों से जारी है।
भवन निर्माण में शटरिंग लगाने और निर्माण कार्य के लिए मजदूर देने की जिम्मेदारी थाना क्षेत्र के मथुरा खेड़ा मजरे खीरों निवासी विनोद कुमार ने लिया था। रविवार की सुबह लगभग दस बजे मजदूरी के हिसाब को लेकर दोनों के बीच कहा-सुनी हो गई। बाद में मामला बढ़ने पर दोनों के बीच मारपीट हो गई। घटना में शटरिंग कारीगर विनोद कुमार के सिर पर चोट आई।
आस-पास मौजूद लोगों ने घायल को इलाज के लिए सीएचसी पहुंचाया। सीएचसी की इमरजेंसी में प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि घटना में अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है, तहरीर मिलने पर जांच करा कर कार्रवाई की जाएगी।













