पीएम श्री प्राथमिक विद्यालय मोहनगढ़ में पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ, 16 बच्चों को पिलाई गई खुराक

  • प्रधानाचार्य ने अभिभावकों से की अपील, 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को अवश्य पिलाएं पोलियो की दवा

सौरभ जायसवाल

बृजमनगंज (महराजगंज)। बृजमनगंज ब्लॉक के पीएम श्री प्राथमिक विद्यालय मोहनगढ़ में रविवार को पल्स पोलियो अभियान के तहत बूथ का शुभारंभ किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य नागेंद्र चौरसिया ने फीता काटकर अभियान की शुरुआत की।

इस अवसर पर प्रधानाचार्य नागेंद्र चौरसिया ने कहा कि पोलियो मुक्त भारत का लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब पांच वर्ष तक का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने पांच वर्ष से कम आयु के सभी बच्चों को निर्धारित तिथि पर पोलियो की दवा अवश्य पिलाएं।

अभियान के पहले दिन केंद्र पर कुल 16 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। दवा पिलाने के बाद स्वास्थ्य कर्मियों ने बच्चों की बाईं हाथ की छोटी उंगली पर अमिट स्याही का निशान भी लगाया।

कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्री सुमित्रा यादव तथा आशा कार्यकत्री प्रियंका और सरिता मौजूद रहीं। केंद्र पर बच्चों और उनके अभिभावकों की अच्छी भागीदारी देखने को मिली। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों को नियमित टीकाकरण और पल्स पोलियो अभियान के महत्व के प्रति भी जागरूक किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *