- नोटिस की अवधि समाप्त होने के बाद रेलवे की कार्रवाई, दोबारा कब्जा करने पर दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी
सौरभ जायसवाल
बृजमनगंज (महराजगंज)। रेलवे प्रशासन ने सोमवार को बृजमनगंज स्टेशन रोड स्थित रेलवे भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए अभियान चलाया। पूर्व में जारी नोटिस के अनुसार अतिक्रमणकारियों को 29 जून तक स्वयं अतिक्रमण हटाने का समय दिया गया था। निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद रेलवे की टीम बुलडोजर के साथ मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की।

अभियान के दौरान अधिकांश दुकानदार पहले ही अपनी दुकानें और सामान हटाकर रेलवे भूमि खाली कर चुके थे। इसके बाद टीम ने दुकानों और मकानों के सामने बने फर्श तथा टिन शेड के लिए लगाए गए पाइप हटाकर रेलवे भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया।
सीनियर सेक्शन इंजीनियर (कार्य) बढ़नी शिवम ने बताया कि रेलवे की भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि दोबारा अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान रेलवे के कन्हैया सिंह, दीपक सिंह, संजय कुमार, एल.बी. यादव सहित रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और स्थानीय पुलिस के जवान मौजूद रहे। पूरे अभियान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी गई।













