खीरों में प्रसूता पर देवर ने बरसाए ईंट-पत्थर, घटना का वीडियो वायरल

  • घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, पीड़िता का आरोप-कई महीनों से कर रहा प्रताड़ित, पुलिस से की सख्त कार्रवाई की मांग

रायबरेली। खीरों थाना क्षेत्र के चकफेरशाह गांव में महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करने वाली घटना सामने आई है। एक प्रसूता ने आरोप लगाया है कि उसके देवर ने उसके ऊपर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। घटना में उसे चोटें आईं। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पीड़िता का आरोप है कि घटना में उसके बच्चे को भी अंदरूनी चोटें आई हैं। ईंट-पत्थर चलाए जाने से उसके घर का कूलर और दरवाजा भी क्षतिग्रस्त हो गया। पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पीड़िता दुर्गा पत्नी अंकित कुमार ने आरोप लगाया कि उसका देवर आदर्श कुमार शराब के नशे में घर पहुंचा और परिवार के लोगों से पैसों की मांग करने लगा। पैसे नहीं मिलने पर उसने पहले परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मारपीट की और इसके बाद ईंट-पत्थर चलाने लगा।

पीड़िता के अनुसार, इसी दौरान एक पत्थर उसके बच्चे को लग गया। जब दुर्गा ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ भी अभद्रता और मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि इसके बाद आरोपी देवर छत पर चढ़ गया और वहां से लगातार ईंट-पत्थर फेंकता रहा। ईंट-पत्थर चलाए जाने से घर का कूलर और दरवाजा भी टूट गया।

पीड़िता का कहना है कि उसका देवर पिछले कुछ महीनों से उसे प्रताड़ित कर रहा है। इससे पहले भी उसने करीब डेढ़ माह पूर्व पुलिस से आरोपी के खिलाफ शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। पीड़िता का आरोप है कि यदि समय रहते पुलिस कार्रवाई करती तो दोबारा ऐसी घटना नहीं होती।

पीड़िता ने मामले की तहरीर पुलिस को देते हुए आरोपी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में है।

प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में तहरीर मिली है। मामले की जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts