- क्षतिग्रस्त सड़कें और टूटे सीवर चैंबर बने लोगों की परेशानी, क्षेत्रवासियों ने गुणवत्ता जांच और कार्रवाई की उठाई मांग
शकील अहमद
सरोजनी नगर, लखनऊ। शांति नगर क्षेत्र में सीवर लाइन बिछाने के कुछ ही दिनों बाद सड़क और सीवर चैंबरों की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है। क्षेत्रवासियों ने सीवर लाइन का कार्य कराने वाले ठेकेदार अंकुर सिंह पर निर्माण कार्य में घटिया सामग्री इस्तेमाल करने तथा निर्धारित मानकों की अनदेखी करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
लोगों का कहना है कि सीवर लाइन बिछाने के बाद क्षेत्र की सड़कें जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गई हैं और कई सीवर चैंबर टूटकर खतरनाक स्थिति में पहुंच गए हैं। आरोप है कि करोड़ों रुपये की लागत से बनाई गई सड़कों को सीवर लाइन के कार्य के बाद ठीक से दुरुस्त नहीं कराया गया, जिससे आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शांति नगर विकास समिति के अध्यक्ष उदयवीर सिंह सहित स्थानीय निवासियों ने बताया कि सीवर लाइन का कार्य शुरू होने से पहले क्षेत्र की सड़कें बेहतर स्थिति में थीं। लेकिन ठेकेदार अंकुर सिंह द्वारा कराए गए कार्य में कथित तौर पर गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया। लोगों का आरोप है कि मनमाने तरीके से काम किए जाने के कारण सड़कें टूट गईं और कई स्थानों पर चैंबर भी क्षतिग्रस्त हो गए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कार्य पूरा होने के बाद भी ठेकेदार द्वारा क्षतिग्रस्त सड़कों और चैंबरों की समुचित मरम्मत नहीं कराई गई। सबसे गंभीर स्थिति क्रिएटिव कॉन्वेंट कॉलेज के पास बनी हुई है, जहां सीवर का टूटा हुआ चैंबर दुर्घटना को दावत दे रहा है। इसी मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे गुजरते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते चैंबर की मरम्मत नहीं कराई गई तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
क्रिएटिव कॉन्वेंट कॉलेज की प्रबंधक योगेंद्र सचान ने बताया कि कॉलेज के ठीक बगल में सीवर का चैंबर टूटा हुआ पड़ा है। इसकी सूचना कई बार संबंधित लोगों को दी जा चुकी है, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि विद्यालय के आसपास छोटे-छोटे बच्चों की आवाजाही रहती है, इसलिए टूटे चैंबर को तत्काल ठीक कराया जाना जरूरी है।
स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि समस्या को लेकर ठेकेदार अंकुर सिंह से संपर्क करने का भी प्रयास किया गया, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं हुआ।
शांति नगर विकास समिति और क्षेत्रवासियों ने सरोजनी नगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह से मामले का संज्ञान लेकर सीवर लाइन निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने, दोषी पाए जाने पर ठेकेदार अंकुर सिंह के खिलाफ कार्रवाई करने तथा क्षतिग्रस्त सड़कों और टूटे चैंबरों की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है।













