जमीनी विवाद में हिंसक झड़प, ट्रैक्टर की चपेट में आने से 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत, आठ घायल

– बाराबंकी के पूरे गुमान गांव में भूमि विवाद को लेकर बवाल, चार गंभीर घायलों को लखनऊ रेफर किया गया

पंकज तिवारी

सुबेहा/हैदरगढ़, बाराबंकी। कोलवा पंचायत के पूरे गुमान गांव में रविवार को भूमि विवाद को लेकर हुई हिंसक झड़प में 70 वर्षीय शमशेर अली की मौत हो गई, जबकि दो महिलाओं सहित आठ लोग घायल हो गए। घायलों में चार की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें उपचार के लिए लखनऊ रेफर किया गया है।

मृतक के पुत्र मुश्ताक ने बताया कि गांव के रोशन उर्फ शिव सिंह उनके चचेरे भाई उस्मान अली के घर के सामने की भूमि को ट्रैक्टर से जोतने लगे। परिवार की बदरुनिशा ने इसका विरोध किया तो रोशन और उसके परिजनों ने मारना-पीटना शुरू कर दिया।

आरोप है कि विपक्षियों ने कई लोगों को ट्रैक्टर से रौंदने की कोशिश की। इसी दौरान शमशेर अली पर ट्रैक्टर चढ़ गया। इसके अलावा राशिद अली (58), राजेंद्र कुमार (55) और शंकर लाल (66) भी ट्रैक्टर की चपेट में आकर घायल हो गए। बदरुनिशा (35), सजीबुलनिशा (35), सबा बानो (16), साबरीना बानो (16) और अरमान अली (30) को लाठी-डंडों से मारपीट कर घायल करने का आरोप है।

विपक्षियों के जाने के बाद घायल शमशेर अली को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) हैदरगढ़ ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बदरुनिशा, सजीबुलनिशा, राजेंद्र कुमार और राशिद अली को गंभीर हालत में सीएचसी से लखनऊ रेफर किया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी (सीओ) समीर कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। सीओ समीर कुमार सिंह ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक निर्देश दिए हैं।

पुलिस ने मृतक के पुत्र मुश्ताक की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश जारी है। मामले में पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *